कदौरा। निष्ठा कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पढ़ने में कमजोर बच्चों को बेहतर ढंग से शिक्षा देने एवं उनके लिए अलग से क्लास चलाने का है, ताकि बच्चे खेलकूद के साथ शिक्षित बनें और आगे चलकर गांव शहर का नाम रोशन करें। यह बात बवीना स्थित बीआरसी केंद्र में गुरुवार को निष्ठा कार्यक्रम के चौथे सत्र का शुभारंभ करते हुए खंड शिक्षाधिकारी आनंद भूषण ने किया।
खंड शिक्षाधिकारी आनंद भूषण ने बताया कि अंतिम चरण का समापन 16 मार्च को होगा। अभी तक तीन चरण निपट चुके हैं। प्रशिक्षणदाता तीन कक्ष में 150 शिक्षकों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि प्रतिदिन गांव का भ्रमण कर पढ़ने में कमजोर बच्चों की सूची अलग से बनाकर उनके अभिभावकों को स्कूल भेजने के लिए कहें, साथ ही उन्हें परिषदीय विद्यालयों में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताएं। शिक्षक अपने कर्तव्यों का बेहतर ढंग से पालन करें और समय से विद्यालय खोले ताकि शिकायत न मिले, वरना कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान प्रदीप सिंह चौहान, महेंद्र वर्मा, अखिलेश अवस्थी, महेंद्र सेंगर, प्रवीण महंत, सुरेश कुमार, संजय दुबे सहित प्रशिक्षण दाता मौजूद रहे ।