कदौरा। एसडीएम ने गुुरुवार को गल्ला मंडी स्थित कान्हा गोशाला का निरीक्षण कर कहा कि बारिश के मौसम को देखते हुए मवेशियों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहे। जिससे उन्हें किसी भी तरह की बीमारी से बचाया जा सके।
उन्होंने भूसा भंडार, दैनिक डायरी व स्टॉक बुक सहित अभियान के तहत लगाए गए पौधों को भी देखा और अधिक पौधे लगाकर सुरक्षा करने के निर्देश दिए। प्रयास करें कि गोशाला से आमदनी भी की जाए, गोबर के डंप को खाद के रूप में किसानों को बेचने के लिए संपर्क करें। उन्होंने गोवंशो के लिए बनाए गए हाल का भी निरीक्षण किया। नगर पंचायत ईओ सुनील ने बताया कि गोशाला में 144 मवेशी बंद हैं, जिनके खाने के लिए लगभग 500 क्विंटल भूसा मौजूद है। जबकि गौशाला की क्षमता 400 मवेशियों की है। उन्होंने गौशाला में मौजूद कर्मचारियों की समस्याएं सुनी। अंत में उन्होंने ईओ को निर्देश दिए कि गोशाला में मौजूद मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराए। इस मौके पर चेयरमैन मो जमीर आलम, लिपिक राधाबल्लभ चतुर्वेदी, भारत सिंह, सलमान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे ।