उरई। पिछड़े क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले बुंदेलखंड का विकास उसके राज्य बनने पर ही है। यह मांग पहले भी रही तथा आगे भी रहेगी। इस मांग से तब तक पीछे नहीं हटा जा सकता है जब तक सरकार बुंदेलखंड राज्य का गठन न कर दे। यह बात सोमवार को सिने स्टार एवं बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला ने विकास भवन के सभागार में पत्रकारों से वार्ता में कही।
उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार द्वारा बुंदेलखंड के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वैसे तो सरकार पूरे प्रदेश के विकास को लेकर गंभीर है पर बुंदेलखंड उसकी प्राथमिकता में है। हाल में महोबा में 100 बेड का अस्पताल, बांदा में नई दूध डेयरी, झांसी में स्पोर्ट एकेडमी आदि के लिए सरकार ने मुहर लगाई है। सरकार इसके अलावा भी कई प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि वह उरई में केंद्रीय विद्यालय खुलवाने एवं ओडीओपी के तहत यहां के किसी एक उत्पाद के उत्पादन के लिए पूरी मदद सरकार देने को तैयार है। इसके लिए संबंधित विभाग के मंत्री से भी बात हो चुकी है। किसानों के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों को किसान सुनने को तैयार नहीं है। लोकतंत्र में ऐसे विचार कैसे माने जा सकते जो केवल एकतरफा हो। इस दौरान बोर्ड के सदस्य शंभू दयाल, भाजपा नेता संजीव उपाध्याय, ओंकार सिंह ठाकुर, सीडीओ डॉ. अभय श्रीवास्तव, डीडीओ सुभाष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।