उरई। राजकीय मेडिकल कालेज के सर्जरी विभाग के लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की सुविधा शुरु हो गई है। शहर के मोहल्ला चुर्खी बाईपास निवासी 50 वर्षीय सीमा की पित्त की थैली में पथरी की सर्जरी की गई। शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में लेप्रोस्कोपिक सर्जरी लेटेस्ट एवं नवीनतम विधि है।
प्राचार्य डॉ. द्विजेंद्र नाथ के प्रयास एवं सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आरके सिंह के निर्देशन में मेडिकल कालेज में पहली लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की गई। प्राचार्य के अनुसार यदि समय रहते इलाज नहीं होता तो पथरी सिस्टिक डक्ट को ब्लाक कर सकती थी। इसमें मरीज को जान का खतरा पैदा हो जाता। सर्जरी के बाद मरीज बिल्कुल स्वस्थ है और छुट्टी भी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि इसकी शुरूआत होने से अब जिले और आसपास के रोगियों को अन्य चिकित्सकीय संस्थान में उपचार के लिए नहीं जाना पड़ेगा। पहली सर्जरी सहायक आचार्य सर्जरी विभाग डॉ. कामद दीक्षित, डॉ. सुधांशु शर्मा, डॉ. सचिन राजपूत, नर्सिंग ओटी इंचार्ज मनीषा आदि की चिकित्सकीय टीम ने की।