उरई। कालपी रोड स्थित कार गैराज में बुधवार की देर रात शार्ट सर्किट से आग लग जाने से वहां रखीं चार वैनें जलकर राख हो गईं। लपटें देख मोहल्ले के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व फायर बिग्रेड को दी। पुलिस व फायर बिग्रेड के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आम पर काबू पाया। लेकिन तब तक वैनें जलकर राख हो चुकी थीं। दमकल कर्मियों व पुलिस ने सूझबूझ के साथ वैनों में लगे गैस सिलिंडरों को बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं गैराज मालिक का कहना है कि आग से लगभग दस लाख का नुकसान हुआ है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तिलकनगर निवासी हसीन भाई उर्फ मामू का शहर के कालपी रोड स्थित शक्ति एजेंसी के सामने कार रिपेयरिंग का गैराज है। बुधवार की देर रात शार्ट सर्किट से गैराज में आग लग गई। इससे गैराज में खड़ी चार वैन जलने लगीं। वहीं, दुकान में रखे मोबिल ऑयल ने आग को बढ़ाने का काम किया। गैराज से लपटें उठती देख आसपास के मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस व फायर बिग्रेड को दी। सूचना पाकर पहुंचे दमकल कर्मियों ने लगभग दो घंटे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कोतवाल जेपी पाल का कहना है कि फिलहाल आग लगने की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है। फिर भी पुलिस व दमकल कर्मी आग लगने के कारणों का पता लगा रहे हैं।