उरई (जालौन)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिले के 10,61,051 मतदाता सोमवार प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्यों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान सोमवार सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान को लेकर सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस, पीएससी के साथ ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। सभी मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए है कि वे संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखें।
सोमवार को जिले में 25 जिला पंचायत, 574 ग्राम पंचायत, 630 बीडीसी 6993 ग्राम पंचायत सदस्य के लिए वोट डाले जाएंगे। जिले में कुल 1027 मतदान केंद्र पर कुल 1845 बूथ बनाए गए हैं। यहां मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए आठ हजार से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही 429 वाहनों का अधिग्रहण किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 9 जोनल, 52 स्टेटिक व 151 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि सभी मजिस्ट्रेट अपने बूथों का निरीक्षण कर हर घंटे की रिपोर्ट देंगे। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि हर छोटी से छोटी घटना पर नजर रखी जाए। किसी भी लापरवाही पर जिम्मेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।