जालौन। मनरेगा के अभिलेखों का रखरखाव सही ढंग से करें। सर्दी में गायों की सुरक्षा के लिए गोशाला में अस्थायी टिन शेड अतिशीघ्र लगवाएं। यह निर्देश लोकपाल मनरेगा चंद्रकांत रावत ने विकास खंड के मांडरी गांव में निरीक्षण के दौरान दिए।
लोकपाल मनरेगा चंद्रकांत रावत ने विकास खंड के मांडरी गांव में विकास कार्यों के साथ गोशाला में व्यवस्थाओं को परखा। नवनिर्मित शौचालयों में एलजीडी कोड लिखा न होने पर उन्होंने सचिव कनक सिंह को शौचालयों पर एलजीडी कोड डलवाने के निर्देश दिए। गांव में सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना में बने मकानों का भी सत्यापन किया। गांव में बनी अस्थायी गोशाला के निरीक्षण में 130 गायें संरक्षित पाई गईं। टीनशेड का निर्माण अधूरा मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताकर सचिव को तत्काल टिनशेड लगवाने का निर्देश दिया। मनरेगा के अंतर्गत गूल खुदाई के कार्य को देखने लिए पहुंचे। मस्टर रोल में गड़बड़ी मिलने पर अभिलेखों का रखरखाव सही ढंग से करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान एपीओ मनीष कस्तवार, कनक सिंह, प्रधान विमल कुमार, महेंद्र आदि रहे।