एक ही रात 7 घरों, एक दुकान से लाखों की चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
माधौगढ़ के मोहल्ला मैथलीशरण में रवींद्र परिहार पुत्र साहब सिंह परिवार समेत जीजा निर्भय सिंह की मौत पर उनके गांव हरौली में रुके थे। चोरों ने घर सूना पाकर सबसे पहले उन्हीं के यहां धावा बोला। चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे पर पड़े ताला को काट दिया और अंदर घुस गए। एक कमरे में जाकर बदमाशों ने वहां रखी अलमारी से 11 हजार रुपये नगद, चांदी का बिछुआ, 4 सोने की अंगूठी, दो जोड़ी झुमकी, सोने के बाला व बेसर आदि ले गए। इसके बाद चोर अजीजन पत्नी शहजाद खान की दुकान में जा धमके और शटर का ताला तोड़ 12 हजार रुपये नगद, साबुन, गुटखा, बीड़ी व कपड़े ले गए।
इसके बाद काशीप्रसाद पुत्र रामनाथ के घर पहुंचे और दरवाजे की कुंडी काट अंदर जा पहुंचे। घर के सभी लोग अपने दूसरे वाले मकान में सो रहे थे। यहां से 6 हजार नगद, एक जोड़ी झुमकी, मंगलसूत्र, दो जोड़ी टाप्स, पायल और तोड़ियां आदि ले गए। इसके बाद चोरों ने राजेश फौजी पुत्र जयपाल, मेवालाल पुत्र आलम, दिलीप पुत्र प्रभूदयाल व वीरेंद्र के मकानों का ताला तोड़कर खाली मकानों में भी खोजबीन की, पर चोरों को यहां से कुछ नहीं मिला। उधर, ताला तोड़ने की आवाज पर दिलीप की मां मुला देवी (65) चोरों को देख शोर मचाना चाहा तो चोर उनको धक्का देकर भाग खड़े हुए।
इसके बाद कैलाश पुत्र कढ़ोरे के घर के पीछे पहुंचे। आहट सुनकर परमाल नामक युवक ने आवाज दी तो रास्ते में कूद कर लक्ष्मनपुरा गांव की ओर भाग खड़े हुए। सुबह एक साथ 7 घरों व एक दुकान में चोरी से कस्बे में हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर में एएसपी व सीओ माधौगढ़ ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट आदि लिए। पीड़ितों ने पुलिस को चोरी की लिखित तहरीर दी है। एएसपी का कहना है कि चोरों की धरपकड़ को टीमें लगाई गई हैं। इसमें कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम व क्राइम ब्रांच जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।