चोरी के शक में देवर ने की भाभी की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल को दहला देने वाली यह वारदात कदौरा थाने के मदरालालपुर गांव की है। गुड्डो देवी (24) पत्नी स्व. इंद्रपाल मंगलवार की दोपहर खेतों पर काम कर घर लौटी। इसी दौरान पीछे से उसका देवर शिशुपाल पुत्र बाला प्रसाद भी आ गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों में हाथापाई होने लगी। शिशुपाल ने तैश में आकर पास में रखी मसाला पीसने वाली सिल उठा ली। उसने गुड्डो के सिर और मुंह पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। यह देख घर में मौजूद गुड्डो का भाई शिवसिंह (11) ने बचाने की कोशिश की तो शिशुपाल ने उसे धक्का देकर गिरा दिया।
वह सिल से गुड्डो के सिर और मुंह पर मारता रहा। कुछ ही देर में गुड्डो की मौके पर ही मौत हो गई। गुड्डो की हत्या के बाद शिशुपाल ने शिवसिंह का गला दबा दिया और उसे भी मारने का प्रयास करने लगा। इसी बीच गुड्डो की मासूम बेटी गायत्री (3) आ गई। वह मां को लहूलुहान देखकर रोने लगी। शिशुपाल ने उसे भी पीटा। बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग गुड्डो के घर की ओर दौड़ पड़े। गुड्डो को मरा देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। ग्रामीणों को देखकर शिशुपाल भागने लगा तो उसे दौड़कर पकड़ लिया।
ग्रामीणों की सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस आ गई। पुलिस ने शिशुपाल को गिरफ्तार कर लिया। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद गुड्डो के भाई और बेटी को थाने ले आई। पूछताछ में आरोपी शिशुपाल ने बताया कि गुड्डो उसके घर में चोरी करती थी। आज उसने रंगेहाथ पकड़ लिया तो वह हाथापाई करने लगी। इस पर उसने गुड्डो की हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि करीब एक साल पहले जमीन और घर का बंटवारा हुआ था, हत्या की एक वजह यह भी हो सकती है।