Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jalaun News ›   Anupriya Patel is coming to Jalaun to lay the political groundwork for 2027.

Jalaun News: 2027 की सियासी बिसात बिछाने जालौन आ रहीं अनुप्रिया पटेल

Sat, 14 Nov 2026 12:12 AM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Sat, 14 Nov 2026 12:12 AM IST
विज्ञापन
Anupriya Patel is coming to Jalaun to lay the political groundwork for 2027.
उरई। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बुंदेलखंड की सियासत में भी हलचल तेज होने लगी है। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री एवं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल 15 नवंबर को जालौन आ रही हैं। वह जिला परिषद के पास स्थित मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगी। उनके इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की राजनीतिक जमीन मजबूत करने और गठबंधन में अपनी हिस्सेदारी का संदेश देने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
विज्ञापन


भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल होने के बावजूद अपना दल (एस) अपनी अलग राजनीतिक पहचान और संगठनात्मक ताकत बनाए रखने की कोशिश में जुटा है। पार्टी की नजर बुंदेलखंड में अपना प्रभाव बढ़ाने के साथ ही आगामी चुनाव में अधिक सीटों पर दावेदारी करने पर है। ऐसे में जालौन की जनसभा के जरिए अनुप्रिया पटेल कार्यकर्ताओं को एकजुट करने, समर्थक वर्ग को साधने और भाजपा नेतृत्व को जिले में पार्टी की राजनीतिक उपयोगिता का संदेश देने की कोशिश कर सकती हैं।
विज्ञापन


जालौन की तीनों विधानसभा सीटों के पिछले चुनावी समीकरण भी इस दौरे को महत्वपूर्ण बनाते हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कालपी सीट अपने सहयोगी निषाद पार्टी के खाते में दी थी। यहां से निषाद पार्टी के प्रत्याशी छोटे सिंह चौहान को सपा के विनोद चतुर्वेदी ने 2944 मतों से हराया था। छोटे सिंह चौहान को 66714 और विनोद चतुर्वेदी को 69658 वोट मिले थे। यानी गठबंधन में जिले की एक सीट सहयोगी दल के लिए छोड़ी गई थी। अब अपना दल (एस) भी इसी तरह जिले में अपनी हिस्सेदारी चाहता है, ऐसी राजनीतिक चर्चाएं हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


वहीं, कालपी के विधायक विनोद चतुर्वेदी के 14 अक्तूबर को भाजपा में शामिल होने के बाद जिले का राजनीतिक समीकरण भी बदल गया है। अब जालौन की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा का प्रतिनिधित्व है। ऐसे में 2027 के चुनाव में गठबंधन के सहयोगी दलों को सीट देने का सवाल भाजपा के लिए भी महत्वपूर्ण होगा। अपना दल (एस) की कोशिश होगी कि बुंदेलखंड में पार्टी को राजनीतिक हिस्सेदारी मिले और जालौन की किसी सीट पर उसकी दावेदारी को गंभीरता से लिया जाए।
जातीय समीकरण भी इस राजनीतिक कवायद का अहम हिस्सा हैं। अपना दल (एस) की राजनीति में कुर्मी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पार्टी इस आधार को मजबूत करने के साथ ही पाल, कुशवाहा, निषाद, लोधी और अन्य पिछड़े वर्गों के बीच भी अपनी पैठ बढ़ाने की कोशिश करती रही है। जिले की माधौगढ़, कालपी और उरई विधानसभा सीटों पर अलग-अलग जातीय समीकरण चुनाव परिणाम को प्रभावित करते हैं। कालपी में क्षत्रिय, अनुसूचित जाति, ब्राह्मण, पाल, निषाद, यादव और मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। माधौगढ़ में कुशवाहा, पाल, राठौर, कुर्मी, ब्राह्मण और क्षत्रिय मतदाता चुनावी समीकरण बनाते हैं। वहीं उरई सुरक्षित सीट पर अनुसूचित जाति के मतदाताओं की निर्णायक भूमिका रहती है।


ऐसे में अनुप्रिया पटेल की जनसभा केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित नहीं मानी जा रही है। इसके जरिए पार्टी यह भी परखना चाहेगी कि जिले में उसका जनाधार कितना मजबूत है और आगामी चुनाव में किस सीट पर दावेदारी की संभावनाएं बन सकती हैं। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed