Hathras: दवा कारोबारी-होमगार्ड के यहां चोरी में दो आरोपी गिरफ्तार, 34 लाख के गहने-10 लाख की नकदी बरामद
दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए एसपी ने थाना सादाबाद और एसओजी टीम सहित पांच टीमों का गठन किया था। टीमों ने आसपास लगे करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरो का अवलोकन किया।
विस्तार
सादाबाद नगर में दवा कारोबारी और होमगार्ड के यहां हुई चोरी की घटना के सिलसिले में 26 मई को एसओजी व थाना पुलिस की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के लगभग 34 लाख रुपये कीमत के 330 ग्राम सोना व एक किलो चांदी के जेवरों के अलावा 103000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि 19 मई को देवेंद्र मोहन गुप्ता स्व. मदन मोहन गुप्ता निवासी प्रकाश नगर ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा था कि अज्ञात चोर उनके मकान का ताला तोड़कर घर में रखे रुपये और आभूषण चोरी कर ले गए। 22 मई को महेशचंद्र गौतम पुत्र रामखिलाड़ी निवासी विनोबा नगर ने तहरीर देकर कहा था कि अज्ञात चोर उनके कमरों का ताला तोड़कर गहने चोरी कर ले गए। दोनों मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी।
दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए एसपी ने थाना सादाबाद और एसओजी टीम सहित पांच टीमों का गठन किया था। टीमों ने आसपास लगे करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरो का अवलोकन किया। 26 मई को एसओजी और थाना सादाबाद पुलिस की टीम ने समीर पुत्र नईम निवासी रायपुर चौकी के पास मुर्गा मंडी के सामने थाना रोरावर जनपद अलीगढ़ और रिहान पुत्र इरफान निवासी पिलर संख्या 102 मोहल्ला सलारपुर थाना फेस 2 जनपद गौतमबुद्ध नगर को धनौली तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है।
पहले करते थे बंद घरों की रेकी, फिर करते थे चोरी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वह दोनों मजदूरी करते हैं। उनको अपने शौक पूरे करने के लिए काफी रुपयों की जरूरत थी। अभियुक्त रिहान करीब दो माह से अलीगढ़ में रह रहा था। अभियुक्त आसपास के जिलों में घूम-घूमकर ताला बंद घरों को चिह्नित करते थे। मौका देखकर तालाबंद घरों के अंदर घुसकर चोरी करते थे और सामान को आपस में बांट लेते थे। अभियुक्तों ने बताया कि 19 व 21 मई को सादाबाद क्षेत्र के प्रकाश नगर व विनोबा नगर में घर पर ताला लगा होने के कारण मौका पाकर उन्होंने ताला तोड़कर घर से आभूषण चोरी किए थे। जो आभूषण बरामद हुए हैं, वह वहीं के हैं। 25 मई को वह पुनः कहीं चोरी करने जा रहे थे।
पुलिस टीम को मिलेगा 25 हजार का पुरस्कार
घटना के खुलासे पर एसपी ने पुलिस टीमों को 25000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना सादाबाद प्रभारी योगेश कुमार, धीरज गौतम, एसओजी प्रभारी अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।