Hathras News: स्विफ्ट कार ईशन नदी में गिरी, मां व उनकी दो बेटियों समेत चार की मौत, छह हुए घायल
जिस जगह हादसा हुआ, वह संकरी पुलिया है और उस पर साइड में रेलिंग या दीवार नहीं है, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ है। पुलिया पर अचानक सामने से आई नील गाय को बचाने की कोशिश में कार नदी में गिर गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हाथरस में हसायन थाना क्षेत्र के गांव बरसामई के निकट नील गाय को बचाने की कोशिश में स्विफ्ट डिजायर कार ईशन नदी में पलट गई। 13 फरवरी की रात 11.18 बजे हुए इस हादसे में एक महिला, उसकी दो बेटियों सहित परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छह लोगों को बचा लिया है। कार में 10 लोग सवार थे और यह अलीगढ़ के सारसौल में मंडप के कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे।
दरअसल, जिस जगह हादसा हुआ, वह संकरी पुलिया है और उस पर साइड में रेलिंग या दीवार नहीं है, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ है। पुलिया पर अचानक सामने से आई नील गाय को बचाने की कोशिश में कार नदी में गिर गई। हादसे में कार चला रहे नगेंद्र पाल सिंह (45) निवासी सराय राजनगर जलेसर, चचेरे भाई मानवेंद्र की पत्नी पूनम (28), इनकी बेटी काव्या (3) व भूमि (एक वर्ष) की मौत हो गई। सुनीता (35) पत्नी विमल, पुत्र चिरांशी (5), पुत्री वैष्णवी (6), कल्पना (12) पुत्री सत्यप्रकाश, गुलशन (18) पुत्री बबलू, मंजू (42) पत्नी नगेंद्र घायल हुई हैं। कार में सवार लोग नगेंद्र के चचेरे भाइयों के परिवार के सदस्य हैं।
हादसे के बाद मंजू ने फोन से गांव में सूचना दी। गांव से नगेंद्र के चचेरे भाई रघुराज सिंह को फोन किया गया, वह उस समय सारसौल अलीगढ़ में ही थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और खुद भी मौके पर पहुंच गए। रघुराज सिंह ने बताया कि नगेंद्र पाल सिंह की बहन दुर्गेश के देवर की शादी है और 13 फरवरी को अलीगढ़ के सारसौल में मंडप का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए नगेंद्रपाल सिंह चचेरे भाइयों के परिवार के सदस्यों के साथ गए थे और हादसे के वक्त अलीगढ़ से सिकंदराराऊ होते हुए पुरदिलनगर-जलेसर मार्ग से अपने गांव सराय राजनगर (पत्थर की सराय) लौट रहे थे।
सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने कार में फंसे घायलों और मृतकों को निकाला। हाइड्रा मशीन के जरिये गाड़ी को बाहर निकालकर उसमें भरा पानी निकाला गया। एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी सिकंदराराऊ लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें गांव भिजवा दिया गया।
गाड़ी असंतुलित होकर नदी में गिर गई थी। इस हादसे में चार की मौत हुई है। छह लोग घायल हुए हैं। घायलों का उपचार कर घर भिजवाया गया है।-चिंरजीव नाथ सिन्हा, एसपी