सिकंदराराऊ और हसायन में निर्विरोध निर्वाचन तय
हाथरस। क्षेत्र पंचायत के चुनाव में नामांकन के दौरान जिले के सातों ब्लॉकों में 16 नामांकन पत्र दाखिल हुए। इनमें ब्लॉक हसायन में मीना देवी का नामांकन पत्र अपूर्ण होने के कारण खारिज कर दिया गया। जिससे दो ब्लॉकों में क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन होने का रास्ता साफ हो गया है। जबकि तीन ब्लॉकों में प्रतीकात्मक विरोध दिखाई दे रहा है। जबकि दो ब्लॉकों में चुनाव होना तय लगभग तय हो गया है।
क्षेत्र पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के दौरान ब्लॉक सिकंदराराऊ से सपा समर्थित प्रत्याशी संतोष चौधरी निवासी लालगढ़ी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा कोई अन्य नामांकन पत्र दाखिल ही नहीं हुआ। ब्लॉक हसायन में सपा प्रत्याशी के रूप में श्वेता सिंह पत्नी सुमंत किशोर निवासी कानऊ ने नामांकन किया। इसके अलावा मीना देवी पत्नी उमेशचंद यादव निवासी भुर्रका ने नामांकन पत्र दाखिल किया। लेकिन जांच के दौरान मीना देवी का नामांकन पत्र अपूर्ण होने के कारण सहायक निर्वाचन अधिकारी ने खारिज कर दिया। जिससे यहां भी निर्विराध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया। हाथरस ब्लॉक से अमर सिंह पांडेय व उनकी पत्नी पूनम पांडेय निवासी अफोया ने नामांकन किया है। ब्लॉक मुरसान से हेमलता देशमुख पत्नी दिनेश देशमुख निवासी कंचना व नीलम देवी पत्नी पप्पू प्रकाश निवासी बामौली ने नामांकन किया है। ब्लॉक सादाबाद से सुनीता चौधरी पत्नी गिरेंद्र चौधरी निवासी बिसावर व सुखवीर सिंह पुत्र पूरन सिंह निवासी नगला चौधरी ने नामांकन किया है। जबकि ब्लॉक सहपऊ में सपा प्रत्याशी विनीत गुप्ता पुत्र दिवाकर स्वरूप गुप्ता निवासी रामपुर एवं बसपा प्रत्याशी के रूप में रामनिवासी गौतम पुत्र राधेश्याम गौतम निवासी जरीपुर ने नामांकन किया है। ब्लॉक सासनी से सपा प्रत्याशी के रूप में राजकुमारी पत्नी अर्जुन सिंह निवासी समामई, नीलम पत्नी सौरभ सिंह निवासी समामई एवं रूपेश ठेनुआ पत्नी हरेंद्र सिंह ठेनुआ निवासी नगला उम्मेद ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। जिनके बीच चुनाव होना लगभग तय माना जा रहा है।