हाथरस रोड पर गांव बढ़ार के निकट रविवार- सोमवार की रात एक टैंकर पीछे से ट्रक में घुस गया, जिससे टैंकर में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस मामले में सादाबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गांव नौधरा सींगा पट्टी थाना मर्गोरा जिला मथुरा निवासी तेजवीर सिंह पुत्र गजाधर सिंह ने कोतवाली में घटना के संबंध में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मेरे चाचा खरग सिंह पुत्र रामचरन सिंह निवासी गांव नौधरा सींगा पट्टी थाना मर्गोरा जिला मथुरा टैंकर संख्या यूपी 85 एबी 9288 पर क्लीनर का कार्य करते थे।
रविवार सोमवार की रात करीब दो बजे टैंकर के चालक के साथ हाथरस से सादाबाद होते हुए सौंख मथुरा जा रहे थे, जैसे ही टैंकर गांव बढ़ार के पास पहुंचा तभी आगे चल रहे ट्रक संख्या एचआर डी 9982 के चालक ने बिना कोई संकेत दिए अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे टैंकर ट्रक में पीछे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया और मेरे चाचा खरग सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही सीएचसी पर परिजन पहुंच गए, उनमें कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई।