हाथरस के सरकारी स्कूल: कहीं टाट-पट्टी पर बैठे नौनिहाल, कहीं एक ही कमरे में पांच कक्षाएं, ऐसा है स्कूलों का हाल
बृहस्पतिवार को जब संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने हाथरस के इन विद्यालयों की जमीनी हकीकत परखने के लिए पड़ताल की गई, तो शिक्षा व्यवस्था की कई चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आईं...
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने और नौनिहालों को स्मार्ट शिक्षा से जोड़ने के सरकारी दावे नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों की बदहाल व्यवस्था के आगे दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को जब संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने हाथरस के इन विद्यालयों की जमीनी हकीकत परखने के लिए पड़ताल की गई, तो शिक्षा व्यवस्था की कई चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आईं।
कहीं जर्जर स्कूल भवन के चलते मासूम बच्चों को धर्मशाला के बरामदे में टाट-पट्टी बिछाकर पढ़ाया जा रहा है, तो कहीं एक ही कमरे में पांच-पांच कक्षाओं के बच्चों को बैठाकर पढ़ाने की औपचारिकता निभाई जा रही है। विडंबना यह है कि कागजों में बच्चों का नामांकन दर्ज है, लेकिन स्कूल पहुंचने पर कई कक्षाओं में सन्नाटा पसरा मिला। कहीं शिक्षक नदारद मिले, तो कहीं पूरे विद्यालय की जिम्मेदारी महज एक शिक्षामित्र के कंधों पर नजर आई। ऐसे में निपुण भारत मिशन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के दावों की हकीकत पर सवाल खड़े होना लाजिमी है।
त्योहार की वजह से विद्यार्थी कम आ रहे हैं। जो भी शिक्षक बिना छुट्टी गैर हाजिर है, उन पर कार्रवाई की जाएगी। बच्चों की संख्या को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। भवनों को दुरुस्त कराया जा रहा है।-रणवीर सिंह, बीएसए।
विज्ञापन विज्ञापन
मुख्य बातें
- नगर हाथरस क्षेत्र में परिषदीय विद्यालय - 52
- विद्यालयों में बच्चों की संख्या- करीब 4500
केस-01: शिक्षक मौजूद, छात्र मिले गायब
समय: सुबह 9:40 बजे, संविलियन विद्यालय, जागेश्वर
विद्यालय के रजिस्टर में कुल 58 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, लेकिन मौके पर एक भी स्कूल नहीं पहुंचा था। एक शिक्षक और एक शिक्षिका खाली कुर्सियों के बीच बैठे नजर आए, जबकि एक शिक्षक और दो शिक्षामित्र अवकाश पर थे। स्कूल में शौचालय और पेयजल की व्यवस्था तो दुरुस्त मिली, लेकिन बच्चों की शून्य उपस्थिति ने अभिभावकों के बीच स्कूलों की साख और शिक्षकों के संपर्क अभियान पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
केस-02: दो स्कूलों के चार विद्यार्थी, एक ही कमरे में पढ़ाई
समय : सुबह 9:50 बजे
स्थान : यूपीएस रमनपुर व संविलियन विद्यालय ओढ़पुरा
एक ही भवन के दो कमरों में संचालित हो रहे इन दोनों विद्यालयों की हालत बेहद दयनीय मिली। यूपीएस रमनपुर में पंजीकृत 20 बच्चों में से केवल दो और संविलियन विद्यालय ओढ़पुरा में पंजीकृत 34 बच्चों में से महज दो विद्यार्थी ही उपस्थित मिले। कुल चार विद्यार्थियों को एक शिक्षिका और एक शिक्षामित्र एक ही कमरे में बैठाकर पढ़ाती मिलीं, जबकि दो शिक्षक अवकाश पर थे।
केस-03: बरामदे में जमीन पर बैठकर पढ़ रहे विद्यार्थी
समय : सुबह 10:00 बजे
स्थान : प्राथमिक विद्यालय आर्य समाज, बागला कॉलेज रोड
नगर क्षेत्र के इस विद्यालय का अपना भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। इस कारण कक्षाएं पास की एक धर्मशाला के बरामदे में चल रही हैं। भवन की बदहाली का आलम यह है कि अंदर से मेज और स्टूल तक बाहर नहीं निकाले जा सके हैं, लिहाजा बच्चे फर्श पर टाट-पट्टी बिछाकर पढ़ने के लिए मजबूर हैं। यहां 42 में से 15 बच्चे मौजूद मिले। पानी और शौचालय के लिए भी स्कूल धर्मशाला के संसाधनों पर ही निर्भर है।
केस-04 : न पानी, न शौचालय, शिक्षामित्र के भरोसे स्कूल
समय : सुबह 10:48 बजे
स्थान : प्राथमिक विद्यालय बालक, रमनपुर
कक्षा एक से पांच तक के इस विद्यालय में 40 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, लेकिन मौके पर केवल छह ही पढ़ने पहुंचे थे। पूरा विद्यालय महज एक शिक्षामित्र के सहारे संचालित होता मिला। सबसे गंभीर बात यह है कि यहां विद्यार्थियों के लिए न तो पेयजल का कोई इंतजाम है और न ही शौचालय की व्यवस्था है।
केस-05 : जर्जर छत के नीचे 61 में से महज एक छात्रा की क्लास
समय : सुबह 11:11 बजे
स्थान : प्राथमिक विद्यालय, सीकनापान गली
बुर्जवाला कुआं स्थित किराये का भवन जर्जर होने के बाद इस स्कूल को नाई का नगला विद्यालय की इमारत में शिफ्ट किया गया, लेकिन यहां भी छत की हालत खस्ताहाल है। विद्यालय में 61 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, लेकिन निरीक्षण के वक्त एकमात्र शिक्षिका केवल एक छात्रा को पढ़ाती मिलीं।
केस-06 : किराये के एक कमरे में चल रहीं पांच कक्षाएं
समय: सुबह 11:22 बजे
स्थान : प्राथमिक विद्यालय, लाला का नगला
किराये के भवन में संचालित हो रहे इस स्कूल में 35 पंजीकृत विद्यार्थियों के सापेक्ष 18 उपस्थित मिले। जगह की भारी किल्लत के कारण कक्षा एक से लेकर पांच तक के सभी विद्यार्थियों को एक ही कमरे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। स्कूल में तैनात शिक्षामित्र अवकाश पर थीं, जिससे अकेली शिक्षिका ही सभी पांच कक्षाओं को संभालने की जद्दोजहद करती दिखीं।