पॉलिटेक्निक छात्रा तीन घंटे में बरामद: नहीं हुआ था अपहरण, मित्र के साथ गई थी, युवक लिया हिरासत में
हाथरस की कोतवाली नगर अंतर्गत बिजली विभाग में कर्मचारी की बेटी एमजी पॉलिटेक्निक की छात्रा है। आज सुबह वह परीक्षा देने के लिए घर से आई। छात्रा लौटकर घर नहीं पहुंची।
विस्तार
हाथरस शहर के एमजी पॉलिटेक्निक कॉलेज की छात्रा का 3 फरवरी को लापता हो गई। घर से प्रयोगात्मक परीक्षा देने आई छात्रा कॉलेज से घर नहीं पहुंची। परिवार ने पुलिस को बेटी के अपहरण व व्हाट्सएप कॉल के जरिये 25 लाख रुपये फिरौती मांगे जाने की खबर दे दी। इस पर हरकत में आई पुलिस ने तीन घंटे के प्रयास में छात्रा को मथुरा से बरामद किया है। उसके साथ युवक मित्र भी मिला है। देर रात पुलिस दोनों को हाथरस लेकर आ रही थी।
कस्बा चंदपा की 19 वर्षीय युवती सदर कोतवाली क्षेत्र के एमजी पॉलिटेक्निक कॉलेज में डिप्लोमा इन मैकनेकिल प्रोडक्शन प्रथम वर्ष की छात्रा है। 3 फरवरी सुबह दस बजे वह प्रयोगात्मक परीक्षा देने कॉलेज पहुंची और कुछ घंटे उसने कक्ष में रहकर प्रयोगात्मक परीक्षा दी है। इसके बाद कुछ देर वह कॉलेज परिसर के गोल पार्क में कुछ सहेलियों संग बैठी रही। इसके बाद दो बजे घर के लिए रवाना हो गई। मगर घर नहीं पहुंची। तीन बजे तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता सताने लगी।
उन्होंने कॉलेज आकर अपनी बेटी की जानकारी की। उन्हें जानकारी मिली कि वह परीक्षा में शामिल हुई थी। इसके बाद दो बजे घर चली गई। शाम को परिजनों ने पुलिस को खबर दी कि शाम को साढ़े पांच बजे पिता के मोबाइल पर छात्रा के मोबाइल से वाट्सएप काल आई। काल करने वाले व्यक्ति ने छात्रा के अपहरण की बात कहते हुए उसे छोडऩे की ऐवज में 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। इस जानकारी पर पुलिस ने सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया। खुद एसपी कॉलेज पहुंचे।
सीसीटीवी आदि देखने के साथ सर्विलांस सहित चार टीमों को खोज में लगाया गया। इसी बीच तीन घंटे के प्रयास में देर रात छात्रा को मथुरा के पागल बाबा आश्रम के पास से बरामद कर लिया गया। उसके साथ एक युवक भी मिला है। फौरी पूछताछ में अपहरण की बात निराधार निकली है। बाकी दोनों के हाथरस आने पर आगे की पूछताछ होगी।
पॉलिटेक्निक छात्रा परीक्षा देने के बाद घर नहीं पहुंची है। सूचना पर पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। देर रात छात्रा को एक युवक संग मथुरा से बरामद किया गया है। दोनों को यहां लाया जा रहा है। परिवार द्वारा दी गई फिरौती की कॉल की जानकारी गलत है। ऐसी कोई कॉल नहीं आई।- चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसपी हाथरस।