संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
तहसील के सभागार में सोमवार को हुई शांति समिति की बैठक में एसडीएम विजय शर्मा, सीओ सुरेंद्र सिंह, कोतवाल प्रवेश राना ने कहा कि आगामी समय में आने वाले त्योहार रक्षाबंधन, ईद घरों में रह कर ही मनाएं। लॉकडाउन में पड़ने वाले त्योहारों पर कोई छूट नहीं होगी।
अधिकारियों ने बैठक में स्पष्ट कर दिया कि कोरोना संक्रमण देश में तेजी से फैल रहा है। यह चिंता की बात है। बचाव के तीन तरीकों का लोग पूरी तरह पालन न करके अपने आपको तो खतरे में डाल रहे हैं। पुरदिलनगर के संजीव जाखेटिया ने कहा कि लॉकडाउन के दिन त्योहारों पर छूट मिलनी चाहिए लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट इंकार कर दिया। साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करते हुए घरों में नमाज अदा करने के निर्देश दिए। बैठक में शामिल व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय ने कहा कि सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सुबह लगातार बिजली मिले जिससे सफाई हो सके। बैठक में सुरेश आर्य, कमल जाखेटिया, विकास वार्ष्णेय, जाफर अली फारूकी, हाजी अय्युब, इकराम, जाकिर हुसैन, अखलाक भारती, शाकिर कुरैशी, मनोज पंडित, दाऊ दयाल वार्ष्णेय, सदर खां शेरवानी आदि थे।