हाथरस-मुरसान में भी निर्विरोध प्रमुख चुने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाथरस। ब्लॉक प्रमुख चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शनिवार को खत्म हो गई। हाथरस और मुरसान ब्लॉक में एक-एक प्रत्याशी द्वारा नाम वापस लेते ही एकमात्र प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया। दोनों ही जगह बसपा समर्थित उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए, जबकि सिकंदराराऊ और हसायन में नामांकन के दिन ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। उम्मीद के मुताबिक सादाबाद, सहपऊ और सासनी ब्लॉकों में कोई नाम वापस नहीं होने से चुनाव तय हो गया है। यहां रविवार को मतदान कराया जाएगा और शाम तक नतीजा भी घोषित कर दिया जाएगा।
सादाबाद, सहपऊ और सासनी में में दो-दो प्रत्याशी। सासनी में नीलम चौधरी ने अपना नाम वापस ले लिया। सासनी में अब सीधा मुकाबला सपा समर्थित राजकुमार पत्नी अर्जुन सिंह निवासी समामई और रूपेश ठेनुआं पत्नी हरेंद्र सिंह निवासी नगला उम्मेद के बीच होगा। ब्लॉक सहपऊ में भी कोई नामांकन वापस नहीं होने से यहां सपा समर्थित विनीत गुप्ता निवासी रामपुर और रामनिवास गौतम पुत्र राधेश्याम निवासी जरीपुर के बीच मुकाबला होगा। सादाबाद ब्लॉक में सुनीता चौधरी पत्नी गिरेंद्र चौधरी और सुखवीर सिंह के बीच सीधे मुकाबला होगा। गौरतलब है कि सिकंदराराऊ में सपा समर्थित संतोष चौधरी और हसायन में भी सपा समर्थित श्वेता सिंह पत्नी सुमंत किशोर निवासी शुक्रवार को ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित की जा चुकी हैं।
हाथरस में अमर सिंह प्रमुख बने
विकास खंड हाथरस में अमर सिंह पांडेय के समर्थन में उनकी पत्नी पूनम पांडेय ने शनिवार को अपना नाम वापस ले लिया, जिसके बाद उनके निर्विरोध चुनाव की घोषणा कर दी गई। समर्थकों ने अमर सिंह का स्वागत किया। अमर सिंह को बसपा का समर्थन हासिल है।
मुरसान में रीना देवी निर्विरोध प्रमुख बनीं
हाथरस। विकास खंड मुरसान में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए बसपा जिलाध्यक्ष दिनेश देशमुख की पत्नी हेमलता देशमुख ने अपना नामांकन रीना देवी के समर्थन में वापस ले लिया। इस तरह यहां से रीना देवी निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुन ली गईं। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय और नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख रीना देवी का समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। साथ में बसपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार देशमुख, योगा पंडित, लालजी सारस्वत, डॉ.गोपाल ठेनुआं, शिवकुमार कौशिक, नेता शर्मा, विधीचंद्र प्रधान, पवन शर्मा, बब्बी पंडित, दारा सिंह, रंजीत ठेनुआं, योगेंद्र चौधरी प्रधान, रणवीर पाठक, चौ. सुल्तान सिंह प्रधान, चौ. मनोज सिंह, चौ. टीटू सिंह, चौ. उदयवीर सिंह, अमर सिंह, पूर्व सभासद मुकेश दीक्षित, ओमकार सिंह वर्मा, बृजमोहन राही, मंडल को-ऑर्डिनेटर कपिल मोहन गौड़, कन्हैयालाल शर्मा, मुकेश शर्मा, भोपाली शर्मा प्रधान, ललित लवानिया, सतीश उपाध्याय, श्यामबाबू शर्मा, ओपी शर्मा, भगवती गौतम प्रधान, रूपकिशोर शर्मा, राहुल शर्मा व लवकुश शर्मा आदि उपस्थित थे।
तीन ब्लॉकों में आज होगा मतदान
हाथरस। सादाबाद, सहपऊ और सासनी ब्लॉकों में प्रमुख पद के चुनाव के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीनों ब्लॉकों पर मतदान के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। डीएम शमीम अहमद, एसपी डॉ.एस. चन्नप्पा के अलावा राज्य निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक हरीकांत त्रिपाठी ने भी इन तीनों ब्लॉकों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को कमियां दूर कराने के निर्देश दिए। इन तीनों जगहों पर सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। तुरंत बाद मतगणना शुरू हो जाएगी और फिर नतीजा घोषित कर दिया जाएगा।
----
बिना पहचान पत्र के नहीं मिलेगा प्रवेश
मतदान के लिए जो सहायक मतदाताओं को उपलब्ध कराए गए हैं, उन्हें भी बिना पहचान पत्र के मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्हें आयोग द्वारा घोषित पहचान के 16 में से कोई एक विकल्प जरूर पेश करना होगा। डीएम ने सभी सहायक निर्वाचन अधिकारियों को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
चारों विजयी प्रत्याशियों को दिए प्रमाण पत्र
हाथरस। चार ब्लॉकों के निर्विरोध निर्वाचित प्रमुखों को देर शाम कलेक्ट्रेट में डीएम शमीम अहमद ने प्रमाण पत्र वितरित किए। जिन विजयी प्रत्याशियों को सर्टिफिकेट दिए गए, उनमें हाथरस ब्लॉक के अमर सिंह पांडेय, मुरसान की रीना देवी, सिकंदराराऊ के संतोष चौधरी और हसायन की श्वेता सिंह शामिल हैं। यह सभी प्रत्याशी अपनी पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रमाण पत्र लेने पहुंचे थे। प्रमाण पत्र मिलने के बाद नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुखों का उनके नेताओं सहित जोशीला स्वागत किया गया।
बसपा समर्थित अमर सिंह और रीना देवी के साथ मुरसान ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, बसपा नेता आशीष शर्मा, विमल प्रधान, श्याम प्रधान आदि अनेक नेता थे। सपा समर्थित संतोष चौधरी और श्वेता सिंह के साथ पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहा, खेमेंद्र जादौन प्रधान, वीरेंद्र शर्मा, भोला पुंढीर, पप्पू यादव, छैला यादव, मिथुन यादव प्रधान, लल्लाबाबू प्रधान, लटूरी सिंह दद्दा, रामेश्वर दयाल आदि अनेक सपा नेता थे।
प्रधान, बीडीसी भी बनीं थीं निर्विरोध
मुरसान से ब्लॉक प्रमुख चुनी गईं रीना देवी इससे पूर्व निर्विरोध प्रधान और बीडीसी सदस्य भी चुनी जा चुकी हैं। यह उनका तीसरा निर्विरोध चुनाव है।