Hathras News: देवता को स्नान कराने परिवार के संग गए मामा की गंगा में डूबने से मौत, भांजा लापता
मामा और भांजा कछला गंगा घाट पर परिवार के साथ देवता को स्नान कराने गए। गंगा नहाते हुए मामा और भांजा डूब गए। मामा की मौत हो गई, जबकि भांजा अभी लापता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
परिजनों और रिश्तेदारों के साथ बृहस्पतिवार को कछलाघाट आए हाथरस में सादाबाद क्षेत्र के ऊंचागांव रसमई निवासी 16 वर्षीय राजेश कुशवाहा की गंगा में डूबने से मौत हो गई। उसके साथ बहे आगरा निवासी भांजे गौरीशंकर गंगा की तलाश में जुटे गोताखोरों को शाम तक सफलता नहीं मिल पाई।
हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ। राजेश कुशवाहा पुत्र स्व. नेत्रपाल कुशवाहा और उसके बड़े भाई नीरज ने देवता को गंगा स्नान कराने का पिछले दिनों संकल्प लिया था। इसके लिए राजेश निजी वाहनों से परिजनों और रिश्तेदारों के साथ आया था। रिश्तेदारों में शामिल आगरा निवासी राजेश का 15 साल का भांजा गौरीशंकर पुत्र रामेश्वर भी शामिल था। दोनों नहाते समय बह गए। परिजनों ने शोर मचाया तो गोताखोरों ने खोजबीन शुरू कर दी।
मौके पर पहुंचे कछला चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने पंखिया नगला से भी गोताखोरों को बुला लिया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद राजेश का शव बरामद कर लिया गया। गौरीशंकर की तलाश में एक दर्जन गोताखोरों को लगाया गया। निजी मोटरबोट से भी खोजबीन की गई, मगर शाम तक कुछ पता नहीं चला। जहां हादसा हुआ, वहां गहराई अधिक थी। पिछले कुछ दिनों से जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। राजेश के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है।
हादसे से पहले एक-दूसरे के मोबाइल से फोटो खिंचवाए
कछला घाट पर हादसे से पहले राजेश और गौरीशंकर अपने परिजनों के साथ घाट पर घूमते दिखे। उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल फोन से फोटो भी खिंचवाए। गंगा किनारे खड़े होकर सेल्फी ली। हादसे के बाद उनके परिजनों ने गोताखोरों को बताया कि गौरीशंकर अपने मामा राजेश से भले ही एक साल छोटा है, लेकिन वह राजेश से काफी लगाव रखता था। इसीलिए दोनों एक साथ ही डुबकी लगाने के लिए गंगा में बढ़ गए थे। दोनों में पहले कौन बहा, इसे लेकर पसोपेश के बीच गोताखोर ओमकार ने बताया कि गौरीशंकर बहने लगा, तभी उसका मामा आगे बढ़ा और वह भी बह गया।
महाशिवरात्रि पर बह गए थे एमबीबीएस के तीन छात्र
कछला घाट पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। महाशिवरात्रि वाले दिन राजकीय मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस के कई छात्र गंगा स्नान के लिए घाट चले गए थे। छात्रा में तीन बह गए। तीनों के अगले दिन शव बरामद हो पाए थे। तीन दिन पहले कछला पुल के पास ही डुबकी लगाते समय राजस्थान में धौलपुर जिले के सोहा थाना क्षेत्र के गांव कंचनपुर निवासी ड्राइवर कुंजबिहारी (21) की मौत हो गई थी। इससे पहले भी हादसों में श्रद्धालुओं की जान जा चुकी है। ज्यादातर हादसे पुल के पास हुए हैं। पुल के पिलर के पास गहराई अधिक है।
कछला घाट पर बहे दो किशोर में हाथरस जिले के राजेश का शव बरामद कर लिया गया है। लापता गौरीशंकर की तलाश में गोताखोर लगे हुए हैं। पुलिस मौके पर मौजूद है। जल्द ही उसे भी खोज लिया जाएगा। उसके सकुशल मिलने की उम्मीद काफी कम है। - मनोज कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक