फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Hathras News ›   Kanwar Yatra in Hathras

Mahashivratri 2026: कांवड़ियों की लगी कतार, गूंज रहा बम-बम भोले, कांवड़ यात्रा को बढ़ी सुरक्षा

Sat, 14 Feb 2026 10:50 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस Published by: चमन शर्मा Updated Sat, 14 Feb 2026 10:50 AM IST
सार

महाशिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा के लिए हाथरस जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिले को चार जोन और सात सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिनकी जिम्मेदारी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई है। सभी एसडीएम संबंधित सीओ के साथ अपने तहसील क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं।

विज्ञापन
Kanwar Yatra in Hathras
मथुरा-बरेली राजमार्ग पर कांवड़ लेकर जाते कांवड़िये - फोटो : संवाद

विस्तार

महाशिवरात्रि का त्योहार नजदीक आते ही हाथरस शहर से गुजरने वाले प्रमुख राजमार्ग हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे हैं। सजी-धजी कांवड़ में गंगाघाटों से गंगाजल लेकर शिवभक्तों की घर वापसी शुरू हो गई है। विशेष रूप से राजस्थान के कांवड़ियों के जत्थे शहर से होकर गुजर रहे हैं।

विज्ञापन


स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी कांवड़ में गंगाजल लाने की तैयारी शुरू कर दी है। दूरदराज के गांवों से ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप व अन्य वाहनों में सामान लादकर भक्त गंगा घाटों की ओर रवाना हो रहे हैं। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ शिव भक्त यात्रा पर निकल रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन


इस साल महाशिवरात्रि 15 फरवरी को मनाई जाएगी। इसके मद्देनजर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के शिव मंदिरों में विशेष सजावट की जा रही है। मंदिरों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और रात्रि जागरण की तैयारियां जोरों पर हैं। श्रद्धालु गंगा जल, बिल्व पत्र, धतूरा और दूध चढ़ाकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। प्रशासन ने भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर राजमार्गाें पर जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस कर्मी वाहनों को रोक-रोककर कांवड़ियों को सुरक्षित रूप से निकलवा रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

Kanwar Yatra in Hathras
कांवड़ यात्रा के लिए कासगंज रोड पर लगा पुलिस का बैरियर - फोटो : संवाद

कांवड़ यात्रा के लिए कड़ी सुरक्षा, सेक्टर-जोन में बांटा जिला
कांवड़ यात्रा के लिए हाथरस जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिले को चार जोन और सात सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिनकी जिम्मेदारी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई है। सभी एसडीएम संबंधित सीओ के साथ अपने तहसील क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। ब्लॉक स्तर पर खंड विकास अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो संबंधित थाना प्रभारी के साथ सुरक्षा व्यवस्था बना रहे हैं।

बृहस्पतिवार रात से कासगंज-मथुरा मार्ग पर कांवड़िया पदयात्रा करते हुए नजर आए। शुक्रवार सुबह तक जत्थों की संख्या बढ़ गई। 13 से 16 फरवरी तक के लिए जिले के लगभग सभी विभाग व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। शुक्रवार की सुबह से जिले के सभी थाना प्रभारी सड़क पर नजर आए और यहां से गुजर रहे जत्थों की सुरक्षा के लिए यातायात व्यवस्थित करते नजर आए।

एसडीएम व सीओ क्षेत्र में भ्रमण पर रहे। शुक्रवार की दोपहर को डीएम अतुल वत्स व पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने मुरसान से हतीसा पुल, तालाब चौराहा व हाथरस जंक्शन तक कांवड़ रूट का निरीक्षण किया। कांवड़ियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को जाना। शिविर में कांवड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जाना। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा व सांसद प्रतिनिधि राजेश गुड्डू भी मौजूद रहे। फल वितरित करने के साथ ही कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई।

तीन शिफ्ट में लगाए गए 180 कर्मचारी
जिले के सात ब्लॉकों में जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों की सहूलियत के लिए 30 शिविर लगाए हैं। संबंधित सहायक विकास अधिकारी को नोडल बनाया गया है। इनकी जिम्मेदारी 180 कर्मचारियों को दी गई है। हर शिविर पर तीन शिफ्ट में दो-दो कर्मचारी लगाए गए हैं। जिला पंचायतराज अधिकारी के कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां तीन शिफ्ट में छह कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

Kanwar Yatra in Hathras
महाशिवरात्रि के लिए मेंडू रोड पर लगाए गए शिविर में सेवा करतीं महिलाएं - फोटो : संवाद

कांवड़िये रामघाट-राजघाट हुए रवाना
कांवड़ यात्रा के लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। रामघाट और राजघाट से गंगाजल लेने के लिए कांवड़ यात्री सासनी कस्बे के बस स्टैंड पर बसों का इंतजार करते रहे। रोडवेज बस नहीं मिलने पर उन्होंने प्राइवेट एवं डग्गेमार वाहनों का सहारा लिया। इस दौरान हाईवे पर पुलिस की गश्त जारी रही। एसडीएम नीरज शर्मा एवं सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण, बीडीओ सुरेंद्र सिंह, तहसीलदार रजत कुमार कांवड़ियों की सहायता में लगे रहे। कोतवाली चौराहे पर बैरिकेडिंग कराई गई। जगह-जगह कांवड़ियों के लिए कैंप भी लगाए गए।

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जारी की गाइडलाइन
महाशिवरात्रि पर निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। प्रभारी अधिकारी आपदा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी कांवड़ यात्रा के दौरान शहर की सड़कों और गलियों में भारी भीड़ रहने की संभावना है। ऐसे में आमजन से विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

जिला आपदा विशेषज्ञ लेखराज ने कहा है कि साइकिल, पैदल और दोपहिया वाहन चालक कांवड़ यात्रा से दूरी बनाकर धीमी गति से चलें। बड़े वाहन जैसे कार, ट्रक और डंपर निर्धारित डाइवर्जन मार्ग से ही गुजरें। कांवड़ यात्रा के दौरान लगने वाले भोजन व जलपान के स्टाॅलों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। यात्रियों के विश्राम स्थलों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है।

किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, नजदीकी थाना या अस्पताल से संपर्क करने को कहा गया है। मेडिकल इमरजेंसी के लिए 108, एंबुलेंस के लिए 102, फायर सेवा के लिए 101 और अन्य सहायता के लिए 112 नंबर पर कॉल करने की अपील की गई है। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष का नंबर 05722-227042 और चिकित्सा विभाग का नंबर 05722-270860 जारी किया गया है।

ढाबों-रेस्टोरेंट का निरीक्षण जारी
महाशिवरात्रि के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। सहायक आयुक्त खाद्य-2 रणधीर सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में होटलों एवं ढाबों की जांच की गई। टीम ने सादाबाद तहसील क्षेत्र के हनुमान चौकी गुरसौटी, गोपाल विहार ढाबा गीगला, शिव शक्ति ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट तथा आगरा रोड चंदपा स्थित ढाबा-रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इसके अलावा श्री गोपाल जी फैमिली ढाबा, सिसोदिया होटल और जय मां भगवती भोजनालय की भी जांच की गई। ढाबा संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने, ताजा और गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसने तथा अनिवार्य रूप से रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। 

कासगंज-हाथरस मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद
महाशिवरात्रि पर्व पर कांवड़ियों की यात्रा सुलभ करने के लिए पंत चौराहे से हाथरस-कासगंज मार्ग की ओर भारी वाहनों की आवाजाही बैरियर लगाकर बंद कर दी गई है। शुक्रवार सुबह आठ बजे से यातायात डायवर्ट किया गया है। 15 फरवरी की सुबह 10 बजे तक भारी वाहन इस रास्ते से नहीं जाएंगे। कासगंज जाने वाले बड़े वाहन पंत चौराहा से वाया रमिभानपुर होते हुए एटा और वहां से कासगंज पहुंचेंगे।

गंगा घाट से कांवड़ में गंगाजल लाने वाले कांवड़ियों की यात्रा शुरू हो गई है। नगर के बाजारों में कांवड़ों को सजाने के समान की बिक्री जारी है। कांवड़िये कांवड़ सजाने के लिए सामान खरीद रहे हैं। कांवड़ियों की सेवा के लिए जगह-जगह समाजसेवियों ने सेवा केंद्र बनाए हैं। हाथरस तथा कासगंज रोड पर जगह-जगह समाजसेवियों तथा प्रशासन की ओर से सेवा शिविरों की स्थापना की गई है। यहां पर कांवड़ियों को विश्राम दिया जा रहा है। उनके लिए फलाहार की व्यवस्था की जा रही है। एसडीएम संजय कुमार एवं सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया गया है।

कांवड़ियों की सेवा में जुटे शिवभक्त
हाथरस जनपद के मथुरा-बरेली हाईवे पर कांवड़ियों का आवागमन होना शुरू हो गया है। इनकी सेवा के लिए शिविर भी सज गए हैं। इन शिविरों में फलाहार, दर्द निवारक दवाएं, आराम करने की सुविधा दी जा रही है।

मथुरा-बरेली हाईवे पर कासगंज और मथुरा की ओर दर्जनों सेवा शिविर लगाए जा चुके हैं। शुक्रवार सुबह से कांवड़ियों का आना शुरू हो गया। कई समाजसेवी संगठनों के कार्यकर्ताओं की ओर से शिविर तैयार कर सेवा कार्य शुरू कर दिया गया है। इन शिविरों में कार्यकर्ताओं द्वारा हर मुमकिन सुविधा दिए जाने की कोशिश की जा रही है। शिविर में खाने पीने की वस्तुओं के साथ रजाई-गद्दे भी लगाए जा रहे हैं, ताकि कांवड़िये यहां खाने पीने के साथ आराम भी कर सकें। इतना ही नहीं कई शिविरों में तो नहाने की भी सुविधा दी जा रही है। इसके लिए गर्म पानी भी मुहैया कराया जा रहा है।

चिकित्सीय सुविधा भी दे रहे
सरकारी अमलों के साथ ही समाजसेवी संगठनों की ओर से सेवा शिविरों में दर्द की सामान्य दवाओं को भी रखा जा रहा है, ताकि पैदल चलने के बाद होने वाले दर्द से कांवड़ियों को राहत दिलाई जा सके। चिकित्सकों से भी संपर्क किया गया है कि वे उनके बुलाने पर तत्काल शिविर में आकर कांवड़ियों को चिकित्सा सुविधा मुहैया करा सकें।

सोशल मीडिया पर सेवा का आमंत्रण
कांवड़ सेवा के लिए सोशल मीडिया पर समूह बनाए गए हैं। इनके माध्यम से कांवड़ियों की सेवा का आमंत्रण दिया जाता है। जिसमें कांवड़ियों के आराम करने के दौरान उनकी कांवड़ को एक व्यक्ति लेकर खड़ा रहेगा। कांवड़ लेकर खड़े होने वाले सेवादारों को समूह के माध्यम से समय-समय पर बुलाया जाएगा, ताकि कांवड़िये आराम कर सकें।

कुछ सावधानी बरतें

  • साइकिल सवार, पैदल राहगीर और बाइक सवार कांवड़ यात्रा से दो-तीन फीट की दूरी बनाकर रखें।
  • कांवड़ यात्रा के दौरान लोग, खाने-पीने के स्टाल पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
  • कांवड़ियों के विश्राम स्थलों के आस-पास रोशनी का विशेष ध्यान रखें।
  • बड़े वाहन जैसे-कार, ट्रक धीमी गति से ही चलाएं अथवा दूसरे रास्ते से ले जाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed