न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शरद पूर्णिमा के मौके पर रविवार को जिले के देवालयों में भक्ति की बयार बही। मंदिरों में सुबह विशेष पूजा अर्चना हुई। भगवान को सफेद रंग की पोशाक धारण कराई गई। भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। शाम को खीर का भोग लगाया गया। शहर में कई स्थानों पर प्रसाद वितरण किया गया।
रविवार की सुबह शहर के गुड़िहाई बाजार स्थित दाऊजी मंदिर, रूई की मंडी स्थित कन्हैया जी मंदिर, किला परिसर स्थित दाऊजी मंदिर, गंगा महारानी मंदिर आदि मंदिरों में सुबह भगवान का पंचामृत से अभिषेक किया गया। भगवान को श्वेत पोशाक धारण कराई गई।
श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर सुख समृद्धि की कामना की। वहीं शहर के अग्रवाल धर्मशाला में पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया। सभी देवालयों में खीर का भोग लगाया गया। देर रात तक मंदिरों में भजन-कीर्तन का दौर चला। संवाद