न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विधानसभा चुनाव के लिए पुलिस-प्रशासन भी शिद्दत से तैयारी में जुटा है। चुनाव प्रेक्षक (पुलिस) मीची पाकू ने कोतवाली चंदपा का निरीक्षण किया और वहां व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने थाने के रिकॉर्ड जांचे। चुनाव रजिस्टर भी देखा। उन्होंने निरोधात्मक कार्रवाई, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, सीआरपीसी आदि में की गई कार्रवाई, अवैध शस्त्रों की बरामदगी के बारे में भी जानकारी ली।
उन्होंने आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीओ सादाबाद ब्रह्म सिंह भी मौजूद थे। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सरस्वती इंटर कॉलेज के संवेदनशील मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्हें कोतवाली निरीक्षक सदर ने बताया कि यह मतदान केंद्र संवेदनशील की श्रेणी में आता है। यहां सभी संभावित अशांति फैलाने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। इस मौके पर सीओ सिटी रुचि गुप्ता भी मौजूद थीं। संवाद