Hathras: किराना गोदाम में लगी आग, लाखों का सामान हुआ राख, पड़ोसियों ने सबमर्सिबल से बुझाई आग
सादाबाद के गांव बिसावर निवासी बल्देव अग्रवाल की मुख्य बाजार में किराना की बड़ी दुकान है।आधा हिस्सा केनरा बैंक को किराया पर दे रखा है। आधे हिस्से में उन्होंने किराना का गोदाम बना रखा है। विद्युत शॉर्ट सर्किट से गोदाम में आग लग गई। गोदाम में रखे दोना-पत्तल, रिफाइंड व अन्य सामान को आग ने चपेट में ले लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गांव बिसावर निवासी बल्देव अग्रवाल पुत्र गोपीचंद्र अग्रवाल की मुख्य बाजार में किराना की बड़ी दुकान है। उनके पास दो मकान हैं। उनमें से एक में वह परिवार के साथ रहते हैं और दूसरे मकान का आधा हिस्सा केनरा बैंक को किराया पर दे रखा है। आधे हिस्से में उन्होंने किराना का गोदाम बना रखा है। 18 अप्रैल की दोपहर एकाएक गोदाम में विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। गोदाम में रखे दोना-पत्तल, रिफाइंड व अन्य सामान को आग ने चपेट में ले लिया। धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। व्यापारियों ने उनके गोदाम से धुआं निकलते देखा तो सभी आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। पूरे बाजार में अफरा-तफरा मच गई।
इधर, बैंक कर्मचारी के चेहरों पर चिंता की लकीरें उभर आईं। जब तक लोग आग बुझाने पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। व्यापारियों ने पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद पड़ोसियों ने अपनी सबमर्सिबल चला दी। पड़ोसी गोदाम में चारों ओर से आग बुझाने के लिए जुट गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। करीब डेढ़ घंटे तक लगी आग को बमुश्किल बुझाया गया। आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। इसे लेकर व्यापारियों ने नाराजगी दर्ज कराई।
व्यापारी की मां आग देखकर हुईं बेहोश
गोदाम में आग लगने की सूचना पर व्यापारी के परिजन गोदाम की ओर दौड़ पड़े। आग की सूचना पर व्यापारी बल्देव अग्रवाल की मां भी गोदाम पर पहुंच गईं। भीषण आग को देखकर वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। उन्हें उपचार के लिए निजी चिकित्सालय ले जाया गया। वहां उपचार के बाद हालात सामान्य हो सकी।
डेढ़ घंटे तक सुलगती रही आग, नहीं पहुंची दमकल
किराना गोदाम में आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां महज 14 किलोमीटर का सफर करीब पौने दो घंटे में तय कर सकीं। डेढ़ घंटे तक आग सुलगती रही। ग्रामीणों ने आग को बुझा लिया। तब दमकल मौके पर पहुंची। व्यापारियों में इसे लेकर नाराजगी दिखाई दी। बिसावर के किराना गोदाम में आग लगने की सूचना व्यापारियों ने अग्निशमन विभाग और पुलिस महकमे को दी। कुछ ही देर बाद कोतवाली सादाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। करीब डेढ़ घंटे तक गोदाम में आग सुलगती रही, लेकिन अग्निशमन विभाग की गाड़ी तब पहुंची, जब आग बुझ गई। व्यापारियों व ग्रामीणों ने सबमर्सिबल चलाकर जैसे-तैसे आग बुझाई। इसके बाद अग्निशमन विभाग की दमकल ने बुझी आग की तपिश को शांत करने के लिए मोटर चलाकर पानी की बौछार छोड़ी।
आग बुझाने वालों के झुलसे हाथ
गोदाम में जैसे ही आग ने उग्र रूप लिया तो मौके पर मौजूद ग्रामीणों व व्यापारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इसमें कई ग्रामीणों के हाथ झुलस गए। इस दौरान व्यापारी बल्देव अग्रवाल व पवन कुमार के हाथ झुलस गए। इन दोनों घायलों का उपचार निजी चिकित्सालय में कराया गया।
बैंक अधिकारी-कर्मचारियों में मची खलबली
बिसावर में जिस गोदाम में आग लगी, उसी परिसर में केनरा बैंक की शाखा भी है। जैसे ही आग लगी तो बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों में खलबली मच गई। बैंक परिसर में मौजूद उपभोक्ता भी बैंक से निकलकर बाहर आ गए। इधर, बैंक अधिकारी भी आग पर नजर बनाए रहे। आग बुझाने के संबंधी उपकरणों को तैयार कर लिया गया।