पुलिस पर हमला करने वाले पांच बदमाश दबोचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस ने इस मामले में कासगंज जिले के नदरई से पांच बंजारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए शातिर अभियुक्तों ने इस मामले में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है। एएसपी डॉ. संसार सिंह ने भी सिकंदराराऊ पहुंचकर पकड़े गए अभियुक्तों से पूछताछ की।
बता दें कि सोमवार रात को नगर के हाथरस मार्ग पर भैंस चोरी की सूचना पर कोतवाली पुलिस की कोबरा मोबाइल के दो सिपाही घटनास्थल पर पहुंच गए थे और चोरों का पीछा करने लगे। सीएचसी से आगे जाकर सिपाहियों ने दो चोरों को पकड़ लिया था।
वह इन्हें अपनी बाइक पर बिठाकर कोतवाली लाने को तैयार हुए। इतने में जीटी रोड स्थित बबूल की झाड़ियों में से चोरों के कई साथी निकल आए और इन बदमाशों ने सिपाहियों को लोहे की रॉड और डंडों आदि से बुरी तरह पीटकर जख्मी कर दिया था और अपने साथियों को छुड़ाकर ले गए थे।
इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग भी हुई थी। जख्मी सिपाहियों को गंभीर हालत में अलीगढ़ ले जाया गया था। मामले की रिपोर्ट सिपाही उमाशंकर ने तीन से चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज कराई थी। मामले को लेकर जिला पुलिस हरकत में आ गया।
एसओजी से लेकर कई टीम घटना के राजफाश में लग गईं। स्वयं एएसपी ने कस्बे में डेरा डाल दिया था। सुरागरशी के आधार पर सीओ डीके बालियान के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने कासगंज पुलिस की मदद से कासगंज के समीप नदरई के पास बंजारों के टोले पर दबिश दी और यहां से पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
एएसपी संसार सिंह ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने स्वीकार किया है कि वारदात को उन्होंने ही अंजाम दिया है। एक बदमाश ने तो दाढ़ी मूछ कटवाकर अपना हुलिया ही बदल लिया था। एएसपी के मुताबिक बदमाशों ने बताया जब उन्हें लगा कि उनके साथी पकड़ गए हैं, तब उन्होंने तमंचों से फायरिंग की। एसपी हाथरस दिलीप कुमार ने जख्मी सिपाहियों को उनकी बहादुरी के लिए पुरस्कृत करने का ऐलान किया है।
वहीं हाथरस गेट क्षेत्र में लहरा रोड पर मंगलवार की देर रात स्थानीय लोगों पर फायरिंग कर दो गायों को ले जाने के मामले में रात भर पुलिस टीमों ने दबिशें दीं। चूंकि घटना की सूचना पर सबसे पहले एसपी मौके पर पहुंचे थे, इसलिए सभी थानों की पुलिस ने रात भर आगरा-अलीगढ़ हाइवे और आसपास के क्षेत्रों में सघन कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन पुलिस के हाथ खाली ही रहे। चूंकि चोरी गए मवेशी लावारिस थे, इसलिए इस मामले में अभी तक मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोई तहरीर नहीं दी गई है, फिर भी एसपी ने कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को हर सूरत में मवेशी चोरों का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि मंगलवार की रात को मेटाडोर लेकर आए करीब पांच से छह बदमाशों ने लहरा रोड पर इंदिरा नगर कॉलोनी के पास दो गायों को लाद लिया था। तीसरी गाय वह लादने ही जा रहे थे कि तभी स्थानीय लोगों की नजर उन पर पड़ गई थी। लोगों ने माजरा भांपकर बदमाशों की तरफ ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए थे। खुद को घिरते देख बदमाश फायरिंग करते हुए दो गायों को मेटाडोर सहित लेकर भागने में कामयाब रहे थे। रात में ही मौके पर एसपी दिलीप कुमार और कोतवाली हाथरस गेट पुलिस भी पहुंच गई थी। कोतवाल हाथरस गेट रजनेश तिवारी ने बताया कि चोरों की पहचान कराई जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मवेशी चोरी के मामलों को रोकने के लिए जल्द ही सभी थानाध्यक्षों के साथ बैठक की जाएगी और इन पर अंकुश लगाने के लिए सख्त योजना तैयार होगी। इस तरह के मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- दिलीप कुमार, एसपी हाथरस