संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
ऑपरेशन साइबर कवच के तहत सादाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीके सिसौदिया ने पुलिस कर्मियों के साथ नगर, क्षेत्र के कई सार्वजनिक स्थलों व टेंपो पर साइबर क्राइम से बचाव के लिए पोस्टर चिपकाए। इस दौरान लोगों को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना एकाउंट विवरण, एटीएम कार्ड नंबर, पिन नंबर, सीवीवी, ओटीपी नंबर एसएमएस न बताएं। एटीएम हमेशा अकेले में प्रयोग करें, किसी अनजान की मदद न लें। लोक लुभावने ऑफरों के झांसे में न आएं।
कोतवाल ने कहा कि किसी भी अश्लील, अपमानजनक, उत्पीड़ित करने वाली चैट, पोस्ट, एसएमएस आदि का स्क्रीनशॉट लेकर रिकॉर्ड रख लें तथा अपने अभिभावक के साथ पुलिस को सूचित करें। ऑनलाइन धोखाधड़ी या अकाउंट से पैसा गायब होने पर अतिशीघ्र पुलिस को सूचित करें, जिले के साइबर क्राइम शाखा का फोन नंबर भी अपने पास रखें और उस पर सूचना दें। अपने मोबाइल को पैटर्न लॉक, फिंगर प्रिंट लॉक और पासवर्ड से सुरक्षित रखें।