संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
बिटिया से मिलने जा रहे रालोद नेताओं और पुलिस के बीच रविववार को तू डाल-डाल मैं पात-पात का खेल होता हुआ नजर आया। दरअसल, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी का काफिला यमुना एक्सप्रेस वे से खंदौली होते हुए हाथरस की तरफ आ रहा था। इस दौरान जिले के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि सादाबाद क्षेत्र में गांव गोविंदपुर के निकट सपाइयों के प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने रोक लिया है, पुलिस उन्हें अंदर नहीं जाने दे रही है। रालोद के काफिले को रोकने के लिए भी पुलिस गोविंदपुर के निकट खड़ी हुई।
इसकी जानकारी मिलते ही रालोद पदाधिकारी जयंत को लेकर मई-कुरसंडा सहित कई ग्रामीण मार्गों से लाते हुए कुरसंडा मोड़ तक लेकर पहुंचे और फिर यहां से सीधे हाथरस की ओर रुख कर लिया। सादाबाद में विनोवा नगर चौराहे पर भी पुलिस प्रशासन ने राष्ट्रीय लोकदल के काफिले को रोकने की कोशिश की, लेकिन जोश से लबरेज रालोद कार्यकर्ता यहां भी नहीं रुके और उनका काफिला चंदपा की ओर कूच कर गया। गाड़ी में जयंत के साथ पूर्व विधायक प्रताप चौधरी और बृज क्षेत्र अध्यक्ष गुड्डू चौधरी भी थे।

रालोद कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज करती पुलिस- फोटो : SADABAD