Hathras: 600 मीटर में सात मैनहोल जर्जर, रहता हादसे का डर, राहगीर-दोपहिया वाहन चालक के लिए बना रहता है खतरा
रात के समय दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। अंधेरे में टूटे मैनहोल दिखाई नहीं देते, जिससे गिरने का डर बना रहता है।
विस्तार
हाथरस शहर के मुरसान गेट से मधुगढ़ी होते हुए मथुरा रोड व इगलास रोड को जाने वाले मार्ग पर करीब 600 मीटर के दायरे में सात सीवर मैनहोल जर्जर अवस्था में पड़े हैं। टूटे ढक्कन और धंसे हुए मैनहोल के कारण राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते करीब दो माह से स्थिति जस की तस बनी हुई है।
आगरा रोड व मुरसान गेट से मधुगढ़ी होकर मथुरा रोड व इगलास रोड जाने वाले इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ी है। तालाब पर ओवरब्रिज बनने के बाद भारी वाहनों का दबाव भी इसी रास्ते पर बढ़ गया है। भारी ट्रैफिक के चलते सीवर लाइन के मैनहोल के ढक्कन बार-बार टूट रहे हैं। फिलहाल सात मैनहोल क्षतिग्रस्त हैं, जिनकी मरम्मत नहीं होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
रात के समय दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। अंधेरे में टूटे मैनहोल दिखाई नहीं देते, जिससे गिरने का डर बना रहता है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि मैनहोल के नए ढक्कन मंगवाए गए हैं। शीघ्र ही मरम्मत कराकर सभी जर्जर मैनहोल पर ढक्कन लगवा दिए जाएंगे।
रोज सुबह दूध की टंकी लेकर बाइक से निकलते हैं। जर्जर मैनहोल के कारण हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है।-मुन्नालाल निवासी संगीला
ओवरब्रिज बनने के बाद भारी वाहनों की संख्या बढ़ी है, जिससे मैनहोल लगातार टूट रहे हैं। शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं कर रहा।-राजवीर निवासी ज्ञानगढ़ बगीची
मुरसान गेट से इगलास रोड रेलवे फाटक तक करीब 800 मीटर के रास्ते में सात मैनहोल खराब हैं, जो हादसे को न्योता दे रहे हैं।-अमित निवासी बालापट्टी
रास्ते के बीचोबीच खुले मैनहोल से निकलना मुश्किल हो गया है। खासकर रात के अंधेरे में यहां हादसा होने का डर रहता है।-चांद मोहम्मद निवासी मधुगढ़ी
मैनहोल की वजह से हादसे की संभावना बनी रहती है। नगर पालिका से शीघ्र इसकी मरम्मत कराने की मांग की गई है।-उस्मान निवासी नाई का नगला