{"_id":"696e264ba4882102ef01c9c6","slug":"cylinder-caught-fire-while-preparing-mid-day-meal-2026-01-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Hathras News: मध्याह्न भोजन बनाते समय सिलिंडर में लगी आग, मची अफरा-तफरी, ऐसे पाया आग पर काबू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Hathras News: मध्याह्न भोजन बनाते समय सिलिंडर में लगी आग, मची अफरा-तफरी, ऐसे पाया आग पर काबू
Mon, 19 Jan 2026 06:11 PM IST
चमन शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
Published by: चमन शर्मा
Updated Mon, 19 Jan 2026 06:11 PM IST
सार
प्राथमिक विद्यालय मुहरिया में रसोइया मध्याह्न भोजन बना रहीं थीं। अचानक सिलिंडर के रेगुलेटर में आग लग गई। यह देखकर रसोइया मौके से भाग खड़ी हुईं और शोर मचा दिया।
विज्ञापन
प्राथमिक विद्यालय मुहरिया में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी
- फोटो : संवाद
विस्तार
सासनी के गांव मुहरिया के प्राथमिक विद्यालय में 19 जनवरी की सुबह करीब सवा नौ बजे मध्याह्न भोजन बनाते समय सिलिंडर में आग लग गई। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
दरअसल, 19 जनवरी की सुबह करीब 9:15 बजे प्राथमिक विद्यालय मुहरिया में रसोइया मीना देवी, ज्योति देवी, उमा देवी और सुनीता देवी मध्याह्न भोजन बना रहीं थीं। अचानक सिलिंडर के रेगुलेटर में आग लग गई। यह देखकर रसोइया मौके से भाग खड़ी हुईं और शोर मचा दिया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसकी सूचना तुरंत खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अखिलेश प्रताप सिंह को दी गई। बीईओ ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। तब जाकर प्रधानाध्यापक अरविंद शर्मा ने चैन की सांस ली।
विज्ञापन
बीईओ अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि आग से कोई नुकसान नहीं हुआ है। दमकल ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। स्कूल परिसर में आग बुझाने के लिए चार फायर सिलिंडर भी रखे हैं। इनका भी प्रयोग किया गया है।