साढ़े 17 हजार निकालने पर शिक्षिका सस्पेंड
हाथरस। ब्लॉक सासनी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय हनुमान चौकी की प्रभारी प्रधानाध्यापक ने सरकारी खाते से अवैध रूप से 17,536 रुपये निकाल लिए। बीएसए ने शिकायत मिलने पर जांच कराई। प्रथमदृष्टया दोषी पाए जाने पर प्रभारी हेडमास्टर को निलंबित कर दिया गया है। जांच के लिए नगर शिक्षा अधिकारी हिमांचल वशिष्ठ को जांच अधिकारी बनाया गया है।
बीएसए देवेंद्र कुमार गुप्ता ने अपने आदेश में कहा है कि विकास खंड सासनी क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय हनुमान चौकी की सहायक अध्यापक शैलेश सेंगर के पास प्राथमिक विद्यालय सुसायत खुर्द सासनी के वित्तीय अधिकार थे। उनके द्वारा जुलाई 2014 से मई 2015 तक के समय में मध्याह्न भोजन निधि खाते से रसोइया मानदेय की धनराशि 10 हजार रुपये एवं परिवर्तन लागत की धनराशि खाते में जमा ब्याज राशि 7,536 रुपये का आहरण कर गबन करने की शिकायत मिली है, जबकि नियमानुसार इस धनराशि को विद्यालय उपयोग के अलावा अन्य किसी उद्देश्य के लिए खर्च नहीं किया जा सकता। शिकायत थी कि निकासी के बावजूद यह पैसा न तो रसोइया को दिया गया और न हीं विद्यालय उपयोग पर खर्च किया गया। शिकायत की प्राथमिक स्तर पर पुष्टि होने पर बीएसए ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई प्रस्तावित कर दी है।