मुरसान में बिजली कटौती के विरोध में नारेबाजी, प्रदर्शन
हाथरस। मौसम का मिजाज बदलते ही जिलेभर में जमकर बिजली कटौती शुरू हो गई है। कंट्रोल के आदेश पर शहरी और देहाती इलाकों में सुबह-शाम तीन-तीन घंटे की शिफ्ट में कटौती कराई जा रही है। इसे लेकर गुरूवार को कस्बा मुरसान के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
तापमान में वृद्धि के साथ ही बिजली कटौती भी लोगों को बेहाल कर रही है। बिन बिजली के जहां फसलोें की सिंचाई नहीं हो पा रही तो दूसरी तरफ बोर्ड परीक्षार्थियों की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। कस्बों व गांव के उद्योग धंधे भी बिजली कटौती के कारण चौपट होते जा रहे हैं। 24 घंटों में से 8 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। बिजली कटौती का सिलसिला न थमने से गुस्साए कस्बा मुरसान के लोगों ने गुरूवार को विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया और विद्युत अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाया। प्रदर्शन करने वालों में संतोष शर्मा, गुड्डा शर्मा, ओम, रिषभ, वंशीधर शर्मा, नीरज ठाकुर, नितिन कुमार आदि कई लोग थे।