चेकिंग में कट्टी को जा रहे 80 पशु पकड़े
सासनी। वाहन चेकिंग के दौरान बुधवार की शाम कोतवाली पुलिस ने कट्टी के लिए पशु लेकर जा रहे केंटर को पकड़ लिया। चार आरोपी भी पुलिस ने दबोचे हैं। पुलिस ने पकडे़ गए आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष कुशलपाल सिंह के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बुधवार की शाम वह कोतवाली के मुख्य गेट पर चेकिंग कर रहे थे, तभी आगरा की तरफ से केंटर गाड़ी संख्या-यूपी-83एटी/ 4154 को रोक कर चैक किया तो उसमें करीब 80 पशु भूसे की तरह ठूंस कर भरे हुए थे। इनमें से कुछ पशुओं के मरने की भी आशंका है। तलाशी के दौरान आरोपियों से की गई पूछताछ में उन्होंने बताया कि पशुओं को कट्टी के लिए फीरोजाबाद से अलीगढ़ जे कर जा रहे थे। आरोपियों ने अपने नाम सादाब पुत्र हबीब निवासी रसूलपुर मंडी फीरोजाबाद, अफसर पुत्र बाबुद्दीन, रिजवान पुत्र यूनिस निवासीगण रसूलपुर टंकी फीरोजाबाद, आरिफ पुत्र सफीक निवासी चहुएपुर कानपुर नगर बताए हैं। पकडे़ गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कैंटर को थाने पर खड़ा करा दिया है। पशुओं को सुपुर्दगी में दे दिया गया है।