{"_id":"7388","slug":"Hathras-7388-7","type":"story","status":"publish","title_hn":"गांव खेड़िया टप्पा में जातीय संघर्ष","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गांव खेड़िया टप्पा में जातीय संघर्ष
Hathras
Updated Mon, 07 May 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
सिकंदराराऊ। गांव खेड़िया टप्पा में शनिवार की शाम को जातीय संघर्ष में बवाल हुआ। कुछ दिन पहले बारात चढ़त को लेकर दलितों और ठाकुरों के बीच हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हुई। सरेआम फायरिंग होने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के दौरान छर्रे लगने से एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद दलित पक्ष के लोग गांव से पलायन कर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दो लाइसेंसी बंदूक और तीन खोखे ले आई है। तनाव को देखते हुए गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। हालांकि एक पक्ष ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। सीओ के मुताबिक, गांव में कुछ दिन पहले जाटव समाज की बारात आई थी तो ठाकुरों ने नहीं निकलने दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान दोनों पक्षों में ईंट-फिंकाई भी हुई थी। हालांकि जाटवों ने विवाद को शांत करने के लिए घटना के कुछ दिन बाद आई ठाकुरों की बारात को गांव में निकलने दिया। ताकि गांव में शांति बनी रहे, इसलिए इस विवाद को सुलझाने में कुछ लोग जुटे रहे। सीओ के मुताबिक, दो दिन पहले पूर्व प्रधान चंद्रपाल ठाकुर समाज के लोगों से बातचीत करने गया था। इसी दौरान पूर्व प्रधान को कुछ लोगों ने कुर्सी से उठा दिया। इसके बाद मामला और बिगड़ गया। इधर, ठाकुर समाज का युवक बंटी दूध का कारोबार करता है। शनिवार को वह दूध लेने के लिए गांव निवासी पप्पू के यहां गया। आरोप है कि पप्पू ने दूध देने से मना कर दिया तथा बंटी से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। बताते हैं कि इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए तथा पथराव शुरू हो गया। इस दौरान दोनों तरफ से हुई फायरिंग में जाटव पक्ष की 90 वर्षीय वृद्धा भूदेवी पत्नी गोपालदास के पांव, जबकि ठाकुर पक्ष के आकाश के हाथ और पांव में छर्रे लगे हैं। सरेशाम फायरिंग होने से गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर तत्काल अगसौली चौकी पुलिस पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही सभी लोग वहां से भाग गए। पुलिस वहां से पप्पू, चंद्रपाल की लाइसेंसी बंदूक मय तीन खोखा साथ ले आई। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था। एहतियातन गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है।
विज्ञापन