{"_id":"7-22197","slug":"Hathras-22197-7","type":"story","status":"publish","title_hn":"मारपीट, फायरिंग, भगदड़ से थर्राया सिकंदराराऊ ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मारपीट, फायरिंग, भगदड़ से थर्राया सिकंदराराऊ
Hathras
Updated Sat, 25 Oct 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
सिकंदराराऊ (हाथरस)। दीपावली की रात्रि को नगर के महल दरवाजा मोहल्ले में पटाखे चलाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। फायरिंग भी की गई। समय पर पुलिस बल के पहुंचने से हालात बिगड़ने से बच गए। देर रात्रि तक पुलिस घटना स्थल पर डटी रही। शुक्रवार की सुबह दोनों पक्षों ने कोतवाली में आकर एक-दूसरे के शिकायत दर्ज करा दी है। बता दें कि दीपावली के कारण चारों तरफ पटाखे चल रहे थे। आरोप है कि रात्रि करीब नौ बजे महल दरवाजे के समीप मस्जिद के दरवाजे पर पटाखे से तेज आवाज हुई। इसको लेकर एक पक्ष आ गया और कहा कि पटाखे दूर चलाओ। इस बात को लेकर पहले तो आपस में वाकयुद्ध हुआ, जो कि थोड़ी ही देर में मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। पहले एक पक्ष की तरफ से तमंचे से फायर किया गया। इसके पश्चात दूसरे पक्ष ने बंदूक से फायर कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग इकट्ठे होने लगे। झगड़ा बढ़ते ही मौके पर भगदड़ मच गई। दुकानें बंद हो गईं। एसओ एसपी सिंह मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गए। डंडा लेकर भीड़ को दौड़ा दिया। हालात की गंभीरता को देखते हुए देर रात्रि तक पुलिस घटनास्थल पर डटी रही। झगड़े के दौरान भगदड़ में कई लोग भागने की बदहवासी में गिर गए, जिससे उनके चोट आई हैं। सुबह एक पक्ष के अफजाल ने मोहल्ले के ही शुभम, शशीकांत, दीपक और सुमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, जबकि दूसरे पक्ष के प्रेम किशोर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि मोहल्ला मटकोटा में आकर तमंचे से फायर किया गया। मना करने पर मारपीट कर दी गई। रिपोर्ट में अफजाल, शवाब, अयूब और गुड्डू को नामजद किया गया है। एसओ का कहना है कि किसी भी कीमत पर गड़बड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन लोगों ने बवाल करने की कोशिश की है, उन्हें चिन्हित करके उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन