{"_id":"7-19375","slug":"Hathras-19375-7","type":"story","status":"publish","title_hn":"जीजीआईसी में विवाद खत्म, हेड क्लर्क का तबादला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जीजीआईसी में विवाद खत्म, हेड क्लर्क का तबादला
Hathras
Updated Sat, 07 Jun 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाथरस। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हाथरस में लंबे समय से चला आ रहा प्रधानाचार्या और वरिष्ठ लिपिक के विवाद को आखिर संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने निपटा दिया। उन्होंने इस विवाद को निपटाने के लिए प्रशासनिक आधार पर जीजीआईसी की वरिष्ठ लिपिक पूनम शर्मा का राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कासगंज के लिए स्थानांतरण कर दिया है। जीजीआईसी हाथरस में प्रधानाचार्या एवं वरिष्ठ लिपिक का लंबे समय से कामकाज को लेकर विवाद चल रहा था। हालात यहां तक दयनीय थे कि शिक्षकों के वेतन बिल भी खुद शिक्षकों के द्वारा ही तैयार किए जाते थे। इस दौरान विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्या निशा मधुर का प्रमोशन के बाद राजकीय हाईस्कूल मढ़ापिथू सादाबाद के लिए शासन से स्थानांतरण हो गया। इसके बाद प्रभारी प्रधानाचार्या के रूप में वरिष्ठ प्रवक्ता निर्मला सिंह को प्रभार मिला, लेकिन इसके बाद भी वरिष्ठ लिपिक की इनके साथ भी कामकाज को लेकर विवाद जारी रहा। इसकी शिकायत फिर से डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा से हुई। विद्यालय के कामकाज को ध्यान में रखते हुए डीआईओएस ने वरिष्ठ लिपिक के स्थानांतरण के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक को पत्र भेजा। इसे गंभीरता से लेते हुए जेडी डॉ.महेंद्र देव ने वरिष्ठ लिपिक का स्थानांतरण राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कासगंज कर दिया है। जेडी के निर्देश प्राप्त होने के बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या निर्मला सिंह ने वरिष्ठ लिपिक को कार्यमुक्त कर दिया है, जबकि जीजीआईसी के वरिष्ठ लिपिक के पद पर सरोज सिंह राजकीय इंटर कॉलेज गोरई में तैनात वरिष्ठ लिपिक वीरेंद्र कुमार को तैनात किया है।
विज्ञापन