{"_id":"7-10014","slug":"Hathras-10014-7","type":"story","status":"publish","title_hn":"ट्रक के टायर पंचर कर नकदी-मोबाइल लूटे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ट्रक के टायर पंचर कर नकदी-मोबाइल लूटे
Hathras
Updated Sun, 11 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
सिकंदराराऊ। सिकंदराराऊ-हाथरस मार्ग पर टायर में पंचर करके लूटपाट करने वालों का गिरोह सक्रिय है। कुछ दिनों पहले हुई इसी तरह की लूट की घटना के बाद शनिवार तड़के बदमाशों ने एक और वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाशों ने एटा से हरियाणा धान लेकर जा रहे ट्रक में पंचर करके तमंचे दिखाकर चालक से 5500 रुपये और मोबाइल लूट लिये। हालांकि चालक के मौका पाकर रोड जाम करने से ट्रक में बैठे ट्रक स्वामी के दोस्त के करीब ढाई लाख रुपये लुटने से बच गए। एटा निवासी योगेश कुमार ने बताया कि वह ट्रक पर चालक है। शुक्रवार रात को वह ट्रक में धान लेकर एटा से हरियाणा बावल के लिए रवाना हुआ। ट्रक में क्लीनर राजकुमार और ट्रक मालिक का दोस्त पुत्तन बैठा हुआ था। पुत्तन करीब ढाई लाख रुपये लेकर राजस्थान एक वाहन खरीदने जा रहा था। पुत्तन को ट्रक से मथुरा तक ही जाना था। सिकंदराराऊ के पास जाम लगा होने के कारण चालक ने ट्रक और हाथरस की ओर मोड़ दिया। करीब चार चलने के बाद पंचर होने से ट्रक को खड़ा करना पड़ा। जैसे ही क्लीनर ने टायर बदलने के लिए जैक लगाया, तभी हथियारबंद तीन युवक आ धमके। इसके बाद क्लीनर की कनपटी पर तमंचा रखकर चालक से 5500 रुपये और मोबाइल लूट लिया। इसी दौरान वहां से कुछ वाहनों के गुजरने पर बदमाश सड़के के सहारे झाड़ियों में छिप गए। इसी का फायदा उठाकर चालक ने पुत्तन को सतर्क कर दिया। लेकिन वाहनों के जाते ही बदमाश ट्रक में चढ़ गए और पुत्तन से लूटपाट करने लगे। इस पर पुत्तन से उनकी हाथापाई भी हुई। इसी दौरान कुछ और वाहनों को आता देख बदमाश फिर से छिप गए। इसी का फायदा उठाकर चालक और पुत्तन ने सड़क पर ट्रक में रखा सामान सड़क पर फेंक दिया। इससे वहां जाम लग गया और बदमाश भाग गए। इससे पुत्तन के ढाई लाख रुपये लुटने से बच गए। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम भी खुलवा दिया। चूंकि घटनास्थल हसायन सीमा में था इस लिये क्लीनर और चालक वहां रिपोर्ट करने गये। समाचार लिखे जाने तक हसायन थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी।
विज्ञापन