हाईरिस्क प्रेग्नेंसी डे-68 फीसदी महिलाओं की हुई जांच
हाथरस। स्वास्थ्य विभाग ने मातृत्व सप्ताह के तहत शुक्रवार को हाईरिस्क प्रेग्नेंसी डे मनाया। इस मौके पर हाईरिस्क प्रेग्नेंसी के लिए चयनित की गईं 1919 गर्भवती महिलाओं का परीक्षण किया गया। अब 42 दिनों तक विभाग चयनित गर्भवती महिलाओं की देखभाल भी कराएगा।
हाईरिस्क प्रेगभनेंसी वाली सभी महिलाओं को 102/108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सीएचसी, पीएचसी पर लाया गया। जहां इनकी जांच की गई और आवश्यक दवाएं प्रदान की गईं। अब यह महिलाएं बच्चा होने तक डॉक्टर की विशेष निगरानी में तीन दिन तक रहेंगी। उसके पश्चात 42 दिन तक विभाग इनकी पूर्ण देखभाल कराएगा। कई महिलाओं को सीएचसी, पीएचसी से जिला महिला चिकित्सालय भेजा गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विजेन्द्र सिंह ने बताया कि हाईरिस्क प्रेग्नेंसी वाली 68 फीसदी महिलाओं की सफल जांच की गई। सीएमओ डॉ. रामवीर सिंह ने महौ, हसायन और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने महौ, सासनी का निरीक्षण किया और हाईप्रेग्नेंसी डे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार जिला महिला चिकित्सालय में गर्भवती महिलाओं की जांच के दौरान मौजूद रहे। सीएमओ डॉ. रामवीर सिंह ने बताया कि अधिक जटिलता वाली गर्भवती महिलाओं की जांच सफलता पूर्वक की गई।