{"_id":"580bab6e4f1c1b672c706c14","slug":"the-government-will-insure-every-man","type":"story","status":"publish","title_hn":"हर आदमी का बीमा कराएगी सरकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हर आदमी का बीमा कराएगी सरकार
अमर उजाला ब्यूरो, हरदोई
Updated Sat, 22 Oct 2016 11:39 PM IST
विज्ञापन
इंश्योरेंस कंपनी
- फोटो : demo
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई। किसान, मजदूर और छोटे व्यवसायियों के लिए प्रदेश सरकार समाजवादी किसान और सर्वहित बीमा योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना का पूरा खाका तैयार हो गया है। जिलों को लक्ष्य भी मिल गया है। कुछ तकनीकी दिक्कतें हैं, उसके दूर होते ही योजना अमल में आ जाएगी।
विज्ञापन
इस योजना के शुरू होने से जिले के लाखों परिवारों को हादसा होने पर मुफ्त इलाज, अपंग होने पर क्लेम और परिवार के कमाऊ व्यक्ति की मौत पर परिजनों को बीमा कंपनी पांच लाख रुपये क्लेम देगी। बीमा कराने के लिए बीमित व्यक्ति या उसके परिवार को प्रीमियम का एक भी रुपया नहीं देना है। पूरा प्रीमियम सरकार देगी।
विज्ञापन
इस योजना में डीएम जिला मिशन अधिकारी और एडीएम नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। डीएम विवेक वार्ष्णेय ने बताया कि हादसे के बाद बीमित व्यक्ति को निकट के कम से कम 10 बेड वाले अस्पताल में भर्ती कराकर 25 हजार रुपये तक का इलाज कराया जाएगा।
विज्ञापन
इससे बड़े चिकित्सालय या ट्रामा सेंटर में रेफर होने पर सवा दो लाख रुपये तक चिकित्सा सुविधा देने क प्रावधान है। जरूरत पड़ने पर पीड़ित योजना के तहत एक लाख रुपये तक के कृत्रिम अंग भी लगवा सकता है। एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल ने बताया कि सरकार ने समाजवादी किसान और सर्वहित बीमा योजना का खाका तैयार कर लिया है। कुछ तकनीकी दिक्कतें हैं, उनके दूर होते ही योजना जिले में शुरू हो जाएगी। इस योजना से आम किसान, मजदूर और छोटे व्यवसायियों को राहत मिलेगी।
नवीन योजना में अब किसानों के साथ ही अन्य लोगों का भी बीमा होगा। समाजवादी किसान एवं सर्वहित बीमा योजना में उनको लाभ मिलेगा जिन परिवारों की वार्षिक आय 75 हजार रुपये से कम है। चाहे वह किसी भी व्यवसाय में हों, योजना की अवधि में जों 18 से 70 वर्ष आयु के बीच होंगे, ऐसे परिवारों के मुखिया बीमा के पात्र होंगे। दूसरे लाभ के रूप में परिवार के मुखिया एवं सदस्य दुर्घटना के बाद इलाज के लिए योजना में पात्र होंगे। खातेदार, सह खातेदार, बीपीएल कार्ड धारक, समाजवादी पेंशन पाने वाले परिवारों को बीमा योजना में शामिल होने के लिए कोई आय प्रमाण पत्र नहीं देना होगा।
योजना में विकलांगता, पागलपन, कुल दो अंगों के स्थायी नुकसान, दोनों आंख, एक अंग व एक आंख की दृष्टि का स्थायी नुकसान होने पर भी पांच लाख रुपये की सहायता मिलेगी। दुर्घटना में निचले जबड़े की पूरी हानि पर भी 5 लाख मिलेंगे। दोनों कानों से बहरेपन की स्थिति में पौने चार लाख मिलेंगे। एक अंग एवं एक आंख की दृष्टि हानि पर ढाई लाख रुपये की मदद मिलेगी।
बीमा होने के बाद परिवार के मुखिया को केयर कार्ड दिया जाएगा। यह कार्ड उसे जनसुविधा केंद्र से मिलेंगे। केयर कार्ड पर राज्य सरकार का वाटरमार्क लोगों भी रहेगा। दोहरे कार्ड तैयार न हो इसलिए बायोमेट्रिक डी-डुप्लीकेशन की व्यवस्था होगी। नामिनी के फिंगर पिंट्र भी लिए जाएंगे। मुखिया से संबंधित जरूरी डाटा जैसे-आधार नंबर, फोटोग्राफ, अंगुलियों के निशान, परिवार के आश्रितों के नाम, आयु, लाभार्थी की श्रेणी अंकित होगी।
समाजवादी किसान एवं सर्वहित बीमा योजना में जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। जिसमें सहसंयोजक एडीएम के अलावा सदस्य के रूप में सीडीओ, सीएमओ, एसपी, समस्त एसडीएम, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत, सहकारिता, समाज कल्याण एवं ग्राम विकास के जनपदीय अधिकारी, जनदीय कार्यालय अध्यक्ष राष्ट्रीय बचत, संबंधित बीमा कंपनी के प्रतिनिधि, केयर कार्ड बनाने वाली कंपनी के प्रतिनिधि एवं सेवा प्रदाता कंपनी के प्रतिनिधि शामिल हैं।
शासन स्तर से समाजवादी किसान एवं सर्वहित बीमा योजना के तहत बीमा कंपनियों को कार्य आवंटन के लिए लक्ष्य भी निर्धारित कर दिया गया है। जिसमें इस जिले को आठ लाख 30 हजार, लखनऊ को तीन लाख 31 हजार, रायबरेली को चार लाख 76 हजार, सीतापुर को आठ लाख 82 हजार, उन्नाव को छह लाख 64 हजार लाभार्थी चयन का लक्ष्य दिया गया है।
डीएम विवेक वार्ष्णेय ने बताया कि योजना के तहत परिवार के मुखिया को बीमा केयर कार्ड निशुल्क जारी किया जाएगा। जिसके लिए जन सुविधा केंद्रों या अन्य चयनित एजेंसीज में आवेदन करना होगा। चयन के बाद जनपदवासियों को एजेंसियों की जानकारी दे दी जाएगी। आवेदन ऑनलाइन होंगे। लखनऊ में मुख्यमंत्री इस योजना की शुरूआत शीघ्र करेंगे। वहां शुरूआत होते ही जिले में आवेदन शुरू करवा दिया जाएगा।