हरदोई छात्रवृत्ति घोटाला: चेयरमैन की गिरफ्तारी ने अन्य संचालकों की बढ़ाई बेचैनी, ईडी को मिले हैं कई फर्जी खाते
Hardoi News: प्रवर्तन निदेशालय की ओर से जीविका इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के चेयरमैन व बीआर अंबेडकर एजुकेशनल सोसाइटी के प्रबंधक रामगोपाल को गिरफ्तार करने की सूचना आई, तो विद्यालय संचालकों में खलबली मच गई।
विस्तार
हरदोई जिले में जीविका इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के चेयरमैन की गिरफ्तारी की सूचना ने जिले के विद्यालय संचालकों की बेचैनी बढ़ा दी है। छात्रवृत्ति घोटाले में जिले के एक विद्यालय के प्रबंधक सहित तीन पूर्व में ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
छात्रवृत्ति घोटाले में जिले जीविका कॉलेज ऑफ फार्मेसी, जेपी वर्मा साइंस महाविद्यालय गौसगंज में छापामारा था। इसमें प्रर्वतन निदेशालय की टीम विभागीय अभिलेख ले गई थी। ईडी की ओर लखनऊ के हजरत गंज थाने पर 30 मार्च को मुकदमा दर्ज कराया गया था।
प्रर्वतन निदेशालय की टीम ने जिले में संचालित जगदीश प्रसाद वर्मा इंटर कॉलेज के प्रबंधक विवेक कुमार, विद्यालय के नोडल आफिसर यशवंत कनौजिया और आरपी वर्मा महाविद्यालय की प्रबंधक पूनम के भाई अभिनव कनौजिया को गिरफ्तार कर लिया था।
जांच में कई फर्जी बैंक खाते मिले
इस मामले में विभागीय सूत्रों के अनुसार ईडी को जांच में कई फर्जी बैंक खाते मिले थे, जो अन्य लोगों के नाम खुलवाए गए हैं। इनमें जनपद के तीन इंटर कालेज के विद्यार्थियों के नाम के खाते भी महाविद्यालयों में दर्ज मिले हैं। इनमें जगदीश प्रसाद वर्मा इंटर कालेज गौसगंज, आरपी इंटर कॉलेज भिठाई और ज्ञानवती इंटर कॉलेज तेरवा शामिल है।
घोटाले की जांच के लिए टीम गठित की गई थी
इन विद्यालयों के विद्यार्थियों में पंजीकृत विद्यार्थियों के खाते छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए विद्यालय संचालक उनको प्रयोग करते थे और इन खातों का संचालन भी विद्यालय के संचालक की ओर से ही चलाए जा रहे थे। समाज कल्याण विभाग की ओर से छात्रवृत्ति घोटाल की जांच के लिए टीम गठित की गई थी।
विद्यालय संचालकों में खलबली मच गई
इसको इन विद्यालयों में भेजी गई छात्रवृत्ति की जांच करनी थी। शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय की ओर से जीविका इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के चेयरमैन व बीआर अंबेडकर एजुकेशनल सोसाइटी के प्रबंधक रामगोपाल को गिरफ्तार करने की सूचना आई, तो विद्यालय संचालकों में खलबली मच गई।