{"_id":"59ff506a4f1c1baf678b984d","slug":"state-and-central-government-unsuccessfull","type":"story","status":"publish","title_hn":" प्रदेश और केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्रदेश और केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल
हरदाेई
Updated Sun, 05 Nov 2017 11:24 PM IST
विज्ञापन
सांसद नरेश अग्रवाल
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका परिषद हरदोई से अध्यक्ष पद के सपा प्रत्याशी सुख सागर मिश्र मधुर के समर्थन में रविवार देर शाम आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद नरेश अग्रवाल पूरी रौ में नजर आए। उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार को हर मोर्चे पर असफल बताकर कहा कि हरदोई की जनता जानती है कि यहां की विकास की हर ईंट पर किसका नाम लिखा है। कार्यकर्ताओं से जोश में होश न खोने की बात कहने के साथ ही सांसद नरेश अग्रवाल ने ये भी कहा कि कार्यकर्ता बेफिक्र होकर चुनाव में मोर्चा संभालें।
विज्ञापन
सरकुलर रोड स्थित एक लॉन में आयोजित सम्मेलन में उमड़ी भीड़ से सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि उनके ऊपर परिवारवाद का आरोप लगाने वाले अब चुप हैं। सपा ने मधुर मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है और हर कार्यकर्ता को इनकी जीत के लिए जुटना है। सांसद ने कहा कि कुछ व्यापारी नेता रविवार को भाजपा में शामिल हो गए, लेकिन वह व्यापारियों के नाम पर जो हैं, उसे कहा नहीं जा सकता। 12 नवंबर को व्यापारियों का असली सम्मेलन होगा और तब पता चल जाएगा कि व्यापारी किसके साथ हैं। उन्होंने मुस्लिम कार्यकर्ताओं से मुखातिब होते हुए कहा कि सपा के अलावा किसी को वोट दिया तो वह भाजपा को फायदा पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ समझौता नहीं होगा।
विज्ञापन
सदर विधायक पूर्व मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के लोग सत्ता के दम पर चुनाव जीतने का ख्वाब छोड़ दें। सपा का एक-एक कार्यकर्ता विरोधियों के एक-एक लाख कार्यकर्ता के बराबर है। अगर किसी भी बूथ पर सत्ताधारी दल ने गड़बड़ी करने की कोशिश की तो सपा कार्यकर्ता भी चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि सपा जल्द ही सत्ता में वापसी करेगी और तब कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करने वालों से हिसाब किया जाएगा। नितिन ने कहा कि विपक्ष में रहकर काफी कुछ सीखने को मिल रहा है, जो उनके राजनीतिक जीवन में काफी काम आएगा। कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रत्याशी मधुर मिश्रा, पूर्व सांसद ऊषा वर्मा, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, एमएलसी मिसबाहुउद्दीन, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष रामप्रकाश शुक्ला, जिलाध्यक्ष शराफत अली, वसीम अहमद सिद्दीकी, अंबुज शुक्ला, आरिफ खान शानू, नरेश गोयल आदि मौजूद रहे। सम्मेलन का संचालन जिला उपाध्यक्ष अमित बाजपेई ने किया।
विज्ञापन