छह थानों की फोर्स ने बरामद की सिर्फ 60 लीटर शराब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई। आजमगढ़ में जहरीली शराब पीने के कारण सात लोगों की मौत के बाद स्थानीय पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कच्ची शराब के कारोबारियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की लंबी चौड़ी फौज मैदान में उतारी गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के नेतृत्व में छह थानों की फोर्स ने छापेमारी का अभियान चलाया। लंबी चौड़ी फौज और अच्छा खासा खुफिया तंत्र होने के बावजूद पुलिस सिर्फ 60 लीटर कच्ची शराब ही पकड़ सकी। पुलिस का दावा है कि तीन हजार लीटर लहन नष्ट करा दिया गया और तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
जनपद में कच्ची शराब बनाने का कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा है। कंजड़ बस्तियाें में यह अवैध कारोबार खुलेआम होता है। संबंधित क्षेत्र के सिपाही और उपनिरीक्षक इस कारोबार की छूट देते है और एवज में कुछ न कुछ प्रसाद ग्रहण करते रहते हैं। यही कारण है कि कच्ची शराब का कारोबार पुलिस अधीक्षक की सख्ती के बावजूद थम नहीं रहा है। आजमगढ़ में कच्ची शराब पीने से हुई सात मौतों के बाद स्थानीय पुलिस अधिकारी भी सक्रिय हो गए।
पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र ने कच्ची शराब के कारोबारियाें के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए तो अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ज्ञानंजय सिंह महिला थाना, कोतवाली देहात कछौना कोतवाली संडीला, बघौली और थाना सुरसा की फोर्स के साथ छापेमारी के लिए निकले। बमुश्किल कछौना थाना क्षेत्र के समदपुर और कंजड़पुरवा में पुलिस के लाव-लश्कर को सफलता मिली। यहां पुलिस ने 60 लीटर कच्ची शराब बरामद की। पुलिस का दावा है कि 3000 लीटर लहन नष्ट करा दिया गया।