हरदोई। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने की खातिर सांडी ब्लॉक की ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंप कार्रवाई कराए जाने की मांग की।
कलक्ट्रेट परिसर में ज्ञापन सौंपते हुए प्रधान माधुरी की अगुवाई में आए ग्रामीण कृष्ण कुमार कुशवाहा, राहुल कुमार, आकाश ने बताया कि वे सभी प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हैं। फिर भी उनको इस योजना का लाभ अब तक नहीं मिल सका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब इस संबंध में ब्लॉक पर संपर्क किया तो प्रधानमंत्री आवास योजना का डाटा ही उपलब्ध नहीं मिला। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को ज्ञापन सौंप जांच कराकर कार्रवाई कराए जाने की मांग की। इस मौके पर मनीराम, संतोष कुमार, विनोद, गुड्डू, बहादुर आदि ग्रामीण मौजूद रहे।