Hardoi News: जिला अस्पताल में मरीज की मौत, परिजनों ने किया जमकर हंगामा, डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप
जिला अस्पताल में एक मरीज की मौत पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चला। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ सीओ सिटी ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
विस्तार
हरदोई जिला अस्पताल में एक मरीज की मौत पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चला। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ सीओ सिटी ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। परिजनों ने चिकित्सक व एक अन्य के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है।
सुरसा थाना क्षेत्र के पचकोहरा गांव निवासी संतोष गुप्ता 35 बीमार था। उसे मेडिकल कॉलेज के दो को दिखाया गया था। संतोष के भाई हरिओम गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि चिकित्सकों की सलाह पर भाई के हाइड्रोसील व हर्निया का ऑपरेशन मंगलवार को होने के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
यहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने के लिए 10 हजार रुपये की मांग की। कहा कि एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से चिकित्सकों ने सात हजार 500 तुरंत ले लिए। बाकी पैसा बाद में देने को कहा गया। हरिओम गुप्ता का आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर इलाज करने के बजाय लगातार पैसे मांगते रहे।
धमकी दी कि पूरा पैसा नहीं दिया, तो ऑपरेशन में गड़बड़ कर दिया जाएगा। ऑपरेशन के पूरे पैसे ना देने पर जानबूझकर डॉक्टर ने भाई संतोष की हत्या कर दी है। इसके बाद परिजनों ने वहां हंगामा कर दिया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। हंगामे की सूचना पर सीओ सिटी विनोद द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। सीओ सिटी ने बताया कि पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर्य देश दीपक ने बताया जब परिजनों ने हंगामा किया और 10 हजार रुपये ऑपरेशन के नाम पर लेने की बात बताई है। इस पर डॉक्टरों से पूछताछ की गई है।