बावन। रामलीला देखकर पिता के साथ घर जा रहे मासूम सूर्य को तेज रफ्तार जीप ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बालक ने लखनऊ के अस्पताल में दम तोड़ दिया।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के बावन कस्बे में रामलीला महोत्सव चल रहा है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहोरा निवासी वीरेंद्र प्रताप सिंह, पुत्र सूर्य प्रताप सिंह (7) को लेकर सोमवार रात रामलीला देखने गए थे। सूर्य ने मेले से गुब्बारा खरीदा और पिता के साथ वापस गांव जाने लगा। सवायजपुर मार्ग पर पीछे से आई जीप ने उसे टक्कर मार दी।
इसमें सूर्य गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बावन ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ में सूर्य की सांसें थम गईं। वह दो भाइयों में छोटा था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।