कोतवाली सिटी के निकट संचालित बाबा नीम करौरी नर्सिंग होम में प्रसूता की मौत के बाद इसे सील किए जाने के मामले में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की जिला इकाई ने एसपी को प्रार्थना दिया है। इसमें दोनों पक्षों को सुनकर ही कार्रवाई करने की मांग की।
स्वास्थ्य विभाग पहले ही नर्सिंग होम का पंजीकरण निरस्त कर चुका है। आईएमए के जिलाध्यक्ष डॉ. अजय अस्थाना की अगुवाई में बुधवार को पदाधिकारियों ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसपी अनुराग वत्स को पत्र दिया। कहा कि 15 नवंबर को उक्त नर्सिंग होम में प्रसूता की मौत होना दु:खद है, लेकिन भीड़ के दबाव में आकर पुलिस कोई कार्रवाई न करे।
उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने ये माना है कि चिकित्सक किसी भी दशा में मरीज का बुरा नहीं चाहता। मृतका के परिजनों पर घटना के दौरान अस्पताल में तोड़फोड़ व कर्मियों के साथ मारपीट का भी आरोप लगाया गया है। इस दौरान, सचिव डॉ. रविंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष डॉ. अखिलेश पटेल, डॉ. जयप्रकाश, डॉ. अरुण मौर्या, डॉ. अमित मिश्रा आदि मौजूद रहे।