Hardoi News: फिर बह गया बारिश का पानी, जल संचयन की बात बेमानी
बारिश की बूंदों को भूगर्भ में सहेजने के लिए सरकार ने परिषदीय स्कूलों में रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग योजना शुरू की थी। इसके तहत परिषदीय विद्यालयों में रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाया जाना था। पिछले साल बारिश से पहले फरमान जारी होते ही कार्य शुरू करा दिया गया था। कई ग्राम पंचायतों में अधूरा काम हुआ था। जबकि पैसा पूरा खर्च हो चुका है। अब बारिश का सीजन फिर से शुरू हो गया है। ऐसे में शासन की जल संचयन की मंशा हाल फिलहाल पूरी होते नजर नहीं आ रही है। इसके साथ ही कई ग्राम पंचायतों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की एमबी कराए बिना ही रुपये निकाल लिए गए हैं और कार्य भी अधूरे पड़े हैं।
केस - एक
ग्राम पंचायत राम मदारपुर में संविलियन विद्यालय में रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अधूरा पड़ा है। यहां सामग्री के लिए 72 हजार 824 रुपये ग्राम पंचायत की 15वें वित्त योजना से पिछले वर्ष 20 अक्तूबर को निकाल लिया था। मजदूरी का भुगतान मनरेगा योजना से किया जा चुका है।
केस- दो
ग्राम पंचायत कोयली के प्राथमिक विद्यालय हरिगवां में रेन वाटर हार्वेस्टिंग योजना के तहत विद्यालय में कक्षा के कक्ष के गेट के ठीक सामने गड्ढा खुदवा दिया गया। कार्य अधूरा होने से गड्ढों में पानी भरा है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे छोटे बच्चे पढ़ते हैं। बच्चों को गड्ढे में गिरने का खतरा बना रहता है। यहां रेन वाटर हार्वेस्टिंग के नाम पर सामग्री के लिए 48 हजार 346 रुपये का भुगतान राज्य वित्त से किया जा चुका है। मनरेगा से 9,996 रुपये मजदूरी का भुगतान भी किया जा चुका है, फिर भी कार्य अधूरा है।
केस-तीन
ग्राम पंचायत हयातगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय में बोरिंग से सभी कक्षों की छतों को नहीं जोड़ा गया है। इससे सिर्फ एक छत का पानी वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम में जा रहा है। बाकी पानी बर्बाद हो रहा है। कार्य अधूरा है। यहां सामग्री के लिए इस्टीमेट से काफी ज्यादा 73,380 रुपये भुगतान कर दिया गया है।
केस- 4
ग्राम पंचायत मंझिगवां शिवपुरी के प्राथमिक विद्यालय में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की फिटिंग ठीक तरह से नहीं की गयी है। इससे पानी बोरिंग में नहीं जा रहा है। बारिश का पानी पाइप से दूसरी ओर बह जाता है। यहां रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए 61,380 रुपये सामग्री और 8,160 रुपये मनरेगा से मजदूरी का भुगतान किया जा चुका है।
केस- 5
ग्राम पंचायत सैयापुर में प्राथमिक विद्यालय में पाइपों की फिटिंग सही ढंग से न होने के कारण बारिश के पानी का फ्लो नहीं बन पा रहा है। कई जगह पाइप टूटा है। इसके चलते यहां पानी की बर्बादी हो रही है। यहां सामग्री के नाम पर 83,251 रुपये का भुगतान किया गया है। फिर भी योजना फेल साबित हो रही है।
परिषदीय स्कूलों में रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग अधूरे होने या स्थापित नहीं कराने के संबंध में अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। इस संबंध में शासन से भी कोई निर्देश नहीं आया हैं। मामला संज्ञान में आया है, जांच कराएंगे गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - वीपी सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, हरदोई

फोटो- 17- ग्राम पंचायत राममदार के संविलियन स्कूल में अधूरा वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम- फोटो : HARDOI