हरदोई। चार दिन पहले दी गई नोटिस के बाद भी शहर के बिलग्राम चुंगी स्थित कृषि महाविद्यालय के आसपास जब अतिक्रमण नहीं हटा तो ईओ के दिशा-निर्देश में गुरुवार की दोपहर बाद पालिका का बुलडोजर गरजता दिखाई दिया। गुमटी सहित बालू, मौरंग, तख्ता बल्ली आदि को हटाया गया। ईओ ने हिदायत देते हुए कहा कि यदि अब दोबारा अतिक्रमण हुआ तो निश्चित तौर पर कड़ी कार्रवाई होगी।
शहर के बिलग्राम चुंगी के निकट कृषि महाविद्यालय की इमारत है। इसकी बाउंड्री के इर्द गिर्द रोड पर बालू, मौरंग आदि की ढेर तो लगे ही रहते हैं। इसके अलावा गुमटियां आदि रखकर भी अतिक्रमण काफी समय से चलता आ रहा है। यही नहीं मकानों को बनाने में आवश्यकता पड़ने वाली तख्ता बल्ली के ढेर भी इसी चहारदीवार से सटाकर रोड पर डाली जाती रहीं हैं। चार दिन पहले जिलाधिकारी पुलकित खरे ने ईओ नगर पालिका रविशंकर शुक्ल को निर्देश दिए थे कि यहां का अतिक्रमण साफ कराया जाए। इसके बाद उन्होंने आसपास के दुकानदारों को जो अतिक्रमण किए हुए थे उन्हें चार दिन पहले नोटिस जारी की थी लेकिन पर हालात वैसे ही बने रहे। इसके बाद ईओ पालिका कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए और बुलडोजर ने अतिक्रमण कर डाली गई बालू, मौरंग व मिट्टी आदि को उठवा लिया। यह देख कुछ ने अपनी गुमटियां खुद हटा लीं तो कुछ को बुलडोजर की मदद से ट्रैक्टर पर लाद लिया गया। टीम को देखकर चुंगी के आसपास के दुकानदारों में भी हड़कंप की स्थिति रही। ईओ ने बताया कि अधिकांश अतिक्रमण बालू, मौरंग व तख्ते बल्लियों के थे। इसके साथ लकड़ी व लोहे की गुमटियां भी शामिल थीं, जिन्हें हटवाया गया।