Hardoi: बदमाशों की गोली से घायल बैंक मित्र ने तोड़ा दम, अब तक लुटेरे नहीं आए हाथ
टीकर मोड़ पर 19 सितंबर को बैंक मित्र से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना में बदमाशों की गोली से बैंक मित्र घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस अब तक लुटेरे को नहीं पकड़ पाई है।
विस्तार
हरदोई जिले में संडीला कोतवाली क्षेत्र के संडीला-बेनीगंज मार्ग स्थित गांव टीकर मोड़ के पास 19 सितंबर को बदमाशों की गोली से घायल बैंक मित्र ने लखनऊ में बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देकर फरार हुए बदमाश अभी तक पुलिस पकड़ से दूर हैं।
गांव दुर्गाखेड़ा निवासी ओम प्रकाश (40) गांव में ही इंडियन बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाता था। सोमवार को वह बैंक की संडीला शाखा से 1.35 लाख रुपये निकाल कर बाइक से अपने गांव जा रहा था। बेनीगंज रोड स्थित टीकर गांव मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने उसके पेट में गोली मारकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया था।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए थे। घायल ओम प्रकाश को सीएचसी से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था। घटना की जानकारी पाकर एसपी राजेश द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे थे और बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की बात कही थी।
घटना के दूसरे दिन आईजी लक्ष्मी सिंह ने कोतवाली में अधिकारियों के साथ बैठक कर घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इधर बृहस्पतिवार सुबह ट्रामा सेंटर लखनऊ में घायल बैंक मित्र ओम प्रकाश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बैंक मित्र की मौत के बाद गांव में एहतियाती तौर पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। परिजनों के अनुसार अस्पताल में पोस्टमार्टम होने के बाद ही शव मिलेगा। इसके बाद ही शव लेकर परिजन गांव आएंगे, जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बदमाशों की तलाश में तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं।