हरदोई। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जांच के लिए मेरठ लैब भेजे गए आठ खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट आ गई है। मैदा, खोवा-चीनी, पपड़ी व सिंघाड़ा आटा समेत अमूल चिलिंग प्लांट से लिए गए दूध का सैंपल जांच में फेल हो गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में वाद दायर कराने की तैयारी की जा रही है।
अभिहित अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि हाल ही में कुछ खाद्य पदार्थ के नमूने संग्रहित किए गए थे, जिन्हें जांच के लिए मेरठ लैब भेजा गया था। शुक्रवार को आठ खाद्य पदार्थों की रिपोर्ट आ गई है, सभी आठ खाद्य पदार्थ जांच में फेल हुए हैं। बताया कि मल्लावां से संग्रहित किया गया दूध, माधौगंज से रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल, नुमाइश चौराहा स्थित मिठाई की दुकान से कुंदा (खोआ-चीनी) व संडीला स्थित अमूल डेयरी के चिलिंग प्लांट से लिया गया दूध का सैंपल जांच में अधोमानक पाया गया है। शाहाबाद की एक दुकान से लिया गया पपड़ी का सैंपल अपमिश्रित मिला है, जबकि संडीला की दुकान से लिया गया रिफाइन राइस ब्रान ऑयल, महोलिया शिवपार से लिया गया मैदा व शहर में धर्मशाला रोड से लिया गया सिंघाड़ा आंटा का सैंपल जांच में मिथ्याछाप/फेल मिला है। अभिहित अधिकारी ने बताया कि संबंधित विक्रेताओं व भंडारकर्ताओं के खिलाफ अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा।