Hardoi: दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, हादसे में दूूल्हे के मौसेरे भाई की मौत, एक की हालत गंभीर
शाहाबाद से पाली मार्ग पर मुरीदापुर और गहौरा गांव के पास बाइक सवार दूल्हे के मौसेरे भाई की सामने से आ रही बाइक की टक्कर लगने से मौत हो गई। वही एक अन्य घायल हो गया।
विस्तार
हरदोई जिले में शाहाबाद थाना क्षेत्र के पाली मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इसमें मुरीदापुर और गहौरा गांव के पास बाइक सवार दूल्हे के मौसेरे भाई की सामने से आ रही बाइक की टक्कर लगने से मौत हो गई। वहीं एक अन्य घायल हो गया।
जनपद शाहजहांपुर कोतवाली रौजा क्षेत्र के ग्राम हुसैनपुर निवासी रजनीश (28) सोमवार को ग्राम कुरसेली में अपने मौसेरे भाई दीपक निवासी हुसैरा थाना हरपालपुर की शादी में शामिल होने आया था। मंगलवार दोपहर बाद वह बाइक से घर लौट रहा था।
इसी बीच मुरीदापुर व गहोरा के बीच पाली की तरफ जा रही बाइक से उसकी बाइक भिड़ गई। हादसे में रजनीश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक सवार थाना बेहटा गोकुल के गांव असगरपुर निवासी सहदेव (58) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहोश अवस्था में नगर सीएचसी में भर्ती कराया गया।
यहां हालत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।
लगाए होते हेलमेट तो नहीं आती सिर में चोट
प्रत्यक्षदर्शी लोगों ने बताया इस हादसे में दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इस कारण रजनीश के सिर में गहरी चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे बाइक सवार के भी सिर में भी चोट आई हैं। चर्चा रही कि अगर हेलमेट लगाए होते, तो शायद चोट नहीं लगती।