हरदोई। गरीब परिवार की बिटिया की शादी के लिए नेकी की दीवार खुशियों का खजाना लेकर आई। संस्था के सदस्यों ने आर्थिक सहयोग के साथ उपहार भी भेंट किए हैं।
संयोजक सचिन मिश्रा ने बताया कि उन्हें कुछ दिन पूर्व ही जानकारी दी गई कि लखनऊ रोड पर एफसीआई गोदाम के पीछे गरीब परिवार रहता है। उसकी बिटिया संध्या देवी का विवाह 25 फरवरी को है। विवाह को लेकर अभिभावक मदद मांग रहे हैं। जिसके बाद नेकी की दीवार इस परिवार के दु:खों को कम करने के लिए सामने खड़ी हो गई और उन्हें राहत प्रदान की।
रविवार को बिटिया की शादी के लिए संस्था के सदस्यों ने मिलकर साड़ी, एक जोड़ी पायल और 25000 रुपये का सहयोग दिया। सभी ने बिटिया के सदा खुशहाल रहने की कामना भी की। इस मौके पर तरंग जैन, अवनीश तिवारी, जगतार सिंह, आशीष अग्निहोत्री, विनीत श्रीवास्तव, श्रीकांत पांडेय, दीपक मिश्रा, शबील खान, मुकेश पांडेय, गोपाल जी गुप्ता, कलीम खान आदि उपस्थित रहे।